मौसम ने मारी पलटी, सुबह फिर खिला सूरज

Mar 01 2020

 ग्वालियर। फरवरी की विदाई के अंतिम क्षणों में मौसम ने करवट ले ली। ग्वालियर जिले में गत दिवस मौसम का मिजाज एकाएक पलटी मार गया। दिन भर तीखी धूप खिली रही, लेकिन रात तकरीबन आठ बजे से तेज हवा चलने लगी। बादलों की गरज के बीच बूंदाबांदी शुरू हो गई है। इससे मौसम खुशगवार हो उठा, लेकिन किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आईं। उन्हें रबी की खड़ी फसल खराब होने की चिंता सताने लगी।
पिछले एक सप्ताह से पारे का ग्राफ लगातार ऊपर की ओर बढ़ता जा रहा है। दिन भर तीखी धूप खिली रहने की वजह से लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा था। लेकिन रात को मौसम एकदम पलटी मार गया। तेज हवाएं चलने लगीं और चमक के  साथ बादल गरजने लगे। इसके साथ ही बूंदाबांदी भी शुरू हो गई है। कहीं- कहीं अच्छी बारिश भी हुई। इससे मौसम खुशगवार हो गया और रात के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई। मौसम विभाग द्वारा मौसम का ये मिजाज बरकरार रहने की संभावनाएं नहीं जताई जा रही हैं। रविवार को भी बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। 
मौसम के मिजाज में आए अचानक बदलाव से किसानों को चिंता में डाल दिया। उन्हें रबी की फसल खराब होने की संकट सताने लगा। पिछले रीफ सीजन में भी जिले में बेमौसम बारिश की वजह से फसलों को भारी नुकसान हुआ था।