पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिर बदलेगा मौसम

Feb 26 2020

ग्वालियर। भले ही अभी ठंड से कुछ राहत जरूर मिल गई हो, लेकिन एक बार फिर मौसम में जबरदस्त बदलाव के संकेत मौसम विभाग दे रहा है, जिसके चलते 28 फरवरी से आसमान पर बादल लामबंदी शुरु कर देंगे और 29 फरवरी व एक मार्च को शहर में न सिर्फ जोरदार बरसात हो सकती है, बल्कि ओले गिरने की भी प्रबल संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में यह परिवर्तन होगा, पारा गिरेगा और मार्च में भी लोग कांपते, ठिठुरते दिखाई देंगे।
इस बार ठंड पीछा छोडऩे को तैयार नहीं है, जैसे ही पारा गति पकडऩे की कोशिश करता है, कोहरा, बादल और बरसात उसे पीछे धकेल देते हैं। पिछले दिनों जब अधिकतम पारा 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था और दोपहर को तेज गर्मी के साथ ही सुबह और शाम को सर्दी का असर कमजोर पडऩे लगा था, तभी बादल, सर्द हवा और बरसात ने अपना असर दिखाया तो फिर कंपकंपी महसूस हुई, अभी इससे राहत मिलती तभी कोहरे ने अपने पैर जमा कर फिर सर्दी को आश्रय दिया और लोगों को मिली राहत छीन ली।
मौसम के जानकारों का कहना है कि शहर में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा, जिसके चलते बादलों के साथ बारिश तो होगी ही, साथ ही ओले गिरने की भी संभावना है। पूर्वी राजस्थान में बने ऊपरी चक्रवात और उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के साथ तेज सर्द हवा आपस में टकरा रही हैं। इसके बाद मार्च के पहले सप्ताह तक सर्दी सुबह शाम तो अपना असर बनाए ही रहेगी। फिलहाल मौसम स्थिर रहेगा और पारे में ज्यादा बढ़ोतरी या कमी नहीं होगी। कमोवेश पूरे उत्तर भारत में इस तरह के हालात हैं, वहीं अंचल के आसपास बीते रोज गिरे ओले और बरसात ने मौसम विभाग के इस अनुमान को और बल दे दिया है।