सूचना के अधिकार के तहत नहीं मिलेगें जनगणना के आंकड़े

Feb 19 2020

ग्वालियर। जनगणना 2021 की तैयारियों को लेकर नगर निगम के अधिकारियों की दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन बालभवन स्थित सभागार में किया गया। कार्यशाला के प्रथम दिवस जनगणना संचालनालय के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जनगणना का कार्य देश के सबसे प्राथमिकता वाले कार्यों में से एक है। यह कार्य तीन चरणों में पूर्ण किया जाना है। उन्होने बताया कि जनगणना के दौरान आम नागरिकों से लिए गए आंकडों का उपयोग न तो न्यायालय में किया जा सकता है और न ही यह जानकारी सूचना के अधिकार के तहत प्रदान की जा सकती है। 
बाल भवन के सभागार में आयोजित जनगणना 2021 की प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव, उपायुक्त एपीएस भदौरिया सहित सहायक आयुक्त, क्लस्टर अधिकारी एवं सभी क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे। 
जनगणना संचालनालय के अजय शाह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना 2021 के तहत किस प्रकार मकानों का सूचीकरण व न बरिंग करनी है, तथा मकानों के ब्लॉक्स किस प्रकार बनाने है। इसके साथ ही मोबाइल एप के माध्यम से किस प्रकार प्रगणक व सुपरवाइजर को कार्य करना है। 
जनगणना संचालनालय के अजय शाह ने प्रशिक्षण में जनगणना 2021 के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि भारत की जनगणना को विश्व में सर्वश्रेष्ठ गणना माना गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्य को संपादित कराने में राजस्व अधिकारियों के साथ-साथ मैदानी कर्मचारी एवं प्रगणक एवं सुपरवाइजरों की अहम भूमिका है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के रूप में मकान सूचीकरण के साथ राष्ट्रीय जनसं या रजिस्टर (एनपीआर) का अद्यतन कार्य एक मई 2020 से शुरू होकर 14 जून 2020 तक किया जायेगा। जबकि द्वितीय चरण के रूप में 9 से 28 फरवरी 2021 एवं 1 से 5 मार्च 2021 तक रिवीजनल राउंड का कार्य किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 6 प्रगणक पर एक सुपरवाइजर रहेंगे। जबकि केन्टोनमेंट क्षेत्र में केन्टोनमेंट के अधिकारी एवं कर्मचारी जनगणना का कार्य संपादित करेंगे।
कार्यशाला के दौरान मास्टर ट्रेनर श्री ओझा ने जनगणना के दौरान फील्ड में सुपरवाइजर व प्रगणक को किस प्रकार से सावधानी पूर्वक कार्य करना है। इसकी विस्तार से जानकारी दी, तथा प्रजेटेंशन के माध्यम से जनगणना के प्रत्येक कार्य के बारे में चरणबद्ध तरीके से बताया और अधिकारियों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब भी दिए। साथ ही इस बार गणना दो प्रकार से की जायेगी जिसमें एंड्रोइड मोबाइल पर जनगणना का एप डाउनोलड कर जनगणना की सारी जानकारी ऑनलाइन भरी जायेगी एवं मैनुअल जानकारी भी भरी जायेगी। 
कार्यशाला के दूसरे दिन 20 फरवरी को अन्य विषयों पर जानकारी मास्टर ट्रेनर द्वारा संबंधित अधिकारियों को दी जायेगी।