अधिकारी समन्वय बनाकर तेजी गति से करें कार्य: निगम प्रशासक श्री ओझा संभागीय आयुक्त व निगम प्रशासक ने की अमृत योजना, स्वच्छता व अन्य योजनाओं की समीक्षा

Feb 12 2020

 


ग्वालियर  12 फरवरी 2020 - नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर में नागरिकों की सुविधा के लिए अमृत योजना, स्मार्ट सिटी योजना सहित अन्य योजनाओं से जो भी कार्य किए जा रहे हैं, उनसे नागरिकों को असुविधा न हो तथा कार्य तेजी से कैसे पूरा हो सके इसकी गंभीरता से चिंता करें तथा किसी भी समस्या का निराकरण आपस में समन्वय बनाकर करें। इसके साथ ही सभी आवश्यक कार्यों की समीक्षा प्रति सप्ताह की जाएगी। उक्ताशय के निर्देश संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक श्री एम बी ओझा ने बुधवार को नगर निगम द्वारा शहर में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए।
         जलविहार स्थित प्रशासक कार्यालय में आयोजित बैठक में सीईओ स्मार्ट सिटी श्री महीप तेजस्वी, अपर आयुक्त श्री नरोत्तम भार्गव, श्री आर के श्रीवास्तव, श्री दिनेश शुक्ला, अपर आयुक्त वित श्री देवेन्द्र पालिया, अधीक्षण यंत्री जनकार्य श्री प्रदीप चतुर्वेदी, उपायुक्त श्री एपीएस भदौरिया, नोडल अधिकारी अमृत योजना श्री व्ही के छारी सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
         बैठक में नगर निगम प्रशासक श्री एम बी ओझा ने सीवर लाइनों एवं स्वर्ण रेखा के नालों की चैक की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि जब तक अमृत योजना से स्वर्ण रेखा नाले के किनारे डाली जाने वाली लाइन का कार्य पूर्ण नहीं होता तब तक जहां भी स्वर्ण रेखा में सीवर चेम्बर चैक हैं उन्हें साफ कराएं तथा उनमें जालियां लगवाएं और जहां जालियां टूटी हैं उन्हें रिपेयर करवाएं। जिससे मुख्य लाइनों में कचरा व पन्नी एवं ठोस कचरा न आए। इसके साथ ही इससे सीवर चैक होने की समस्या से भी निजात मिलेगी। वहीं अमृत योजना के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वर्ण रेखा के किनारे हनुमान बांध से छप्पर वाले पुल तक जो लाइन डालने का कार्य करना है उसके लिए नगर निगम व स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें तथा जो भी ठेकेदार कार्य नहीं कर रहा है उसे ब्लैक लिस्टेड कराएं।
       इसके साथ ही निगम प्रशासक श्री ओझा ने अमृत योजना के तहत लाइन डालने के लिए गली गली व काॅलोनियों में जो सडकें खोदी जा रहीं हैं उनके रेस्टोरेशन को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक योजना बनाकर कार्य करें और तय करें कि पहले 300 मीटर खोदकर लाइन डालेगें और उस रोड का रेस्टोरेशन कर आगे खुदाई प्रारंभ करेगें। इसके साथ ही लाइनें डालने के बाद तत्काल उनका मिलान हो यह भी सुनिश्चित करेंगे। वहीं अमृत योजना के तहत जो भी कार्य चल रहे हैं उसकी आगामी एक माह की प्लानिंग संबंधित अधिकारी अपनी अपनी विधानसभा क्षेत्र के अपर आयुक्त एवं प्रशासक कार्यालय को उपलब्ध कराएं। वहीं पानी की लाइनों की जानकारी ली और तेजी से कार्य करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वहीं लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।
        बैठक में निगम प्रशासक श्री ओझा ने शहर में स्वच्छता को लेकर चल रहे कार्यों को लेकर आवश्यक जानकारी ली। जिसमें डोर टू डोर कचरा संग्रहण एवं ठोस कचरा प्रबंध आदि को लेकर जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि संबंधित कंपनी ईकोग्रीन कार्य नहीं कर पा रही है तो उसका ठेका निरस्त कर नए टेन्डर बुलाए जाएं जिससे नागरिकों को असुविधा न हो। इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों व सफाई कर्मचारियों का वेतन कई कई महीनों से नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कर्मचारियों के वेतन समय पर मिले इसके लिए वेतन भुगतान की प्रक्रिया का सरलीकरण करें और जिसकी लापरवाही के कारण वेतन में देरी होती है उसका व सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों का वेतन भी रोका जाए।
        निगम प्रशासक श्री ओझा ने शहर में सीवर लाइनों की समस्या के निराकरण के लिए हर संभव प्रयास करने तथा योजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए इसके साथ ही स्मार्ट सिटी योजना के तहत सौंदर्यीकरण के लिए जो भी कार्य होने हैं उसको लेकर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।