बहोड़ापुर क्षेत्र से अवैध अतिक्रमण हटाया, मलबा वहीं छोड़ा

Feb 12 2020

ग्वालियर। लोगों को जाम से मुक्ति दिलाने और आवागमन को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन द्वारा बहोड़ापुर क्षेत्र से अवैध अतिक्रमण तो हटा दिए गए पर वहां पड़े मलबे को हटाने के लिए अमले के पास फुर्सत नहीं है जिसके कारण बहोड़ापुर क्षेत्र में सड़क चौड़ी होने के बाद भी जाम के हालात निर्मित हो रहे हैं। खासकर सुबह और दोपहर के समय तो स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि जाम में घंटो स्कूलों के वाहन फंसे रहते हैं और बच्चे परेशान होते हैं।
उल्लेखनीय है कि बहोड़ापुर क्षेत्र में जाम से आमजन को निजात दिलाने के लिए पिछले दिनों प्रशासन द्वारा ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई और सड़क को अच्छा-खासा चौड़ा कर दिया गया ताकि लोगों को इस क्षेत्र से निकलने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो और आसानी के साथ आवागमन हो सके पर जिस समस्या के निदान के लिए इतनी बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया उस समस्या का आज दिनांक तक निदान नहीं हुआ और स्थिति जस की तस बनी हुई है। कारण अतिक्रमण हटाने के दौरान सड़क पर पड़े मलबे को कई स्थानों से हटाया नहीं गया और उसी मलबे के कारण बहोड़ापुर तिराहे से लेकर रेलवे क्रॉसिंग तक स्थिति इतनी जटिल हो जाती है कि यहां से वाहन तो दूर पैदल निकलना भी दूभर हो जाता है।
अहम बात यह है कि यहां सुबह और दोपहर के समय स्कूल वाहनों की भीड़ अधिक रहती है और भीड़ अधिक होने के कारण जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। कई बार तो हालात इतने जटिल हो जाते हैं कि घंटों स्कूल में पढ़ाई करने के बाद बच्चों को जाम खुलने का इंतजार करना पड़ता है। यहां यह बताना भी जरूरी होगा कि कायदे में अतिक्रमण हटाने के साथ ही मलबे को हटाना चाहिए लेकिन अमले की लेटलतीफी के चलते कई स्थानों पर आज भी मलबा पड़ा हुआ है और मलबा लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है बाबजूद इसके अमले द्वारा मलबा हटाने की जहमत नहीं उठाई जा रही है। 
अतिक्रमण हटने के बाद वैसे ही दुकानदार दुकान छोटी होने के कारण परेशान है और इसके ऊपर से दुकानों के बाहर वाहनों की कतार लगने के कारण दुकान पूरी तरह से वाहनों से पैक हो जाती है जिसके कारण दुकानदारों को परेशानी होती है और दुकानदारी प्रभावित होती है।