विधायक श्री गोयल के साथ पुलिस अधीक्षक श्री भसीन ने किया विधानसभा क्षेत्र का दौरा जिला अस्पताल मुरार में पुलिस सहायता केन्द्र एवं कुम्हरपुरा पर बनेगा अजाक्स का थाना एवं आवास

Feb 08 2020

 

ग्वालियर 08 फरवरी 2020/ विधायक श्री मुन्नालाल गोयल के साथ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन ने शनिवार को विधानसभा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिये नया पुलिस थाना, पुलिस चैकी, पुलिस सहायता केन्द्र एवं मुरार थाने के पास बड़ा पार्किंग एवं आवासीय कॉम्पलेक्स बनाये जाने को लेकर भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान विधायक श्री मुन्नालाल गोयल एवं पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन सबसे पहले जिला अस्पताल पहुंचे। यहां पर जिला अस्पताल के गेट के पास बने बड़ा हॉल एवं अटैच भूमि पर पुलिस सहायता केन्द्र बनाये जाने एवं अस्पताल के अंदर भी पुलिस सहायता केन्द्र का एक केबिन बनाये जाने का निर्णय लिया गया । जिससे अस्पताल परिसर में होने वाली अवांछनीय गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर अंकुश लगाया जा सके ।  
इसके बाद विधायक मुरार थाने के बगल से 46ग130 फिट भूमि पर पहुंचे। जहां पर लम्बे समय से पुरानी जब्त की हुई गाड़ियां कबाड़े के रूप में भरी हुई हैं। इसे खाली कराकर इसमें ग्राउण्ड फ्लोर पर पार्किंग एवं उसके उपर थाना टी.आई एवं पुलिस स्टाफ के लिये चार मंजिला आवासीय परिसर का निर्माण कराये जाने का निर्णय लिया गया ।
इसके साथ ही विधायक एवं पुलिस अधीक्षक बारादरी चैराहे पर पहुंचे। यहां पर पुरानी पुलिस चैकी को तोड़कर ट्रेफिक पुलिस सहायता केन्द्र बनाये जाने एवं मुरार ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय के पीछे पड़ी पी.डब्ल्यू डी की भूमि पर सदर बाजार के व्यापारियों की सुरक्षा के लिये पुलिस चौकी निर्माण किये जाने का निर्णय लिया गया ।
इसके पश्चात विधायक एवं पुलिस अधीक्षक कुम्हरपुरा पहुंचे। जहां पर 1930 का शासकीय पुराना बना हुआ भवन जीर्णशीर्ण हालत में है। इसे तोड़कर यहां पर अजाक्स का थाना एवं थाने के ऊपरी तल पर आवास निर्माण किये जाने का निर्णय लिया गया ।
इसके बाद विधायक श्री गोयल एवं पुलिस अधीक्षक श्री भसीन काल्पी स्थित डी.एस.पी. अजाक्स कार्यालय पहुंचे। यहां भी 1930 के बने पुराने भवन को तोड़कर यहां पर अजाक्स डी.एस.पी का ऑफिस एवं उपरी तल पर आवास बनाये जाने का निर्णय लिया गया ।