सर्द हवा ने कंपाया, धूप ने दी राहत

Feb 07 2020

ग्वालियर। शहर में एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर दिखा, जिसके चलते शुक्रवार सुबह फिर देर तक धुंध छाई रहने और सर्द हवा के मिले जुले असर से ठंड का अहसास कुछ ज्यादा बढ़ गया, धूप खिलने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान न्यूनतम पारा बढ़ गया और यह 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं नमी घटने से आद्र्रता कम रही। यह 83 प्रतिशत दर्ज हुई। मौसम विभाग का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम में कुछ तब्दीली जरूर होगी। आज दिन में हल्के बादल छा सकते हैं। जिससे धूप कमजोर पडऩे व सर्द हवा परेशानी का कारण बन सकती है। फिलहाल बदले मौसम के कारण सुबह से शाम तक खिलने वाली धूप लोगों को खूब राहत दे रही है और दिनचर्या भी सामान्य हो गई है, शाम के बाद जरूर ठंड का अहसास बढ़ जाता है और सुबह सूरज की किरणों के पैर फैलाने तक यह बना रहता है। हालांकि अब गर्म कपड़े इस सर्दी से मुकाबला करने में सक्षम साबित होने लगे हैं, लेकिन लगातार डेढ़ माह से सर्दी की मार से लोग अब आजिज आ चुके और इससे पूरी तरह राहत चाहते हैं।