फिर से बरसात के आसार

Feb 05 2020

ग्वालियर। इस बार सर्दी कब और कैसे पीछा छोड़ेगी अब लोगों के मन में यही सवाल बना हुआ है, बीते एक सप्ताह से लगातार धूप खिलने के बावजूद भले ही दोपहर को कुछ राहत मिल जाती हो, लेकिन रात में सर्द हवा और ठिठुरन पीछा छोडऩे को तैयार नहीं है। वहीं सुबह भी दस बजे तक तो सर्दी सिहरन पैदा करती ही है। इस बीच मौसम के जानकार जो बता रहे हैं, वह फिर परेशानी बढ़ाने वाली बात हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में बन रहे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर शहर को अपनी जद में लेने को तैयार है ऐसे में 48 घंटे के बाद बरसात की संभावना बन गई है, जिससे कोल्ड अटैक फिर वापसी कर सकता है। इस तरह के बिगड़े हालात जल्द दूर नहीं होंगे, बल्कि दो से तीन दिन तक परेशान करेंगे।
धूप के खिलते ही मौसम के मिजाज में तेजी से तब्दीली जरूर दर्ज की गई है, जिसके चलते कल जहां अधिकतम पारा 23 डिग्री पर पहुंच गया था, वहीं बुधवार को न्यूनतम पारा 8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जोकि सामान्य है। नमी में जरूर सर्द हवा के कारण बढ़ोतरी हुई है। जिसके चलते आद्र्रता 90 प्रतिशत दर्ज हुई, यह सामान्य से 26 डिग्री सेल्सियस अधिक थी। पारे में बढ़ोतरी का क्रम लगातार जारी रहा। साढ़े पांच बजे यह 9.8 डिग्री सेल्सियस व साढ़े आठ बजे 10.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और 11.30 बजे 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल 24 घंटे तो राहत भरे रहने वाले हैं, लेकिन गुरुवार से मौसम में बदलाव शुरु हो जाएगा। आज दोपहर से हल्के बादल छाने लगेंगे। यह परिवर्तन पूर्वी राजस्थान में अरब सागर से आने वाली नमी के चलते बने हैं। वहीं उत्तर-पूर्वी हवा के वेग में भी इजाफा होगा। मौसम के बदलाव के साथ पारे में भी गिरावट आएगी। जो जनजीवन पर सीधा प्रभाव डालेगा।