सगाई समारोह में हर्ष फायरिंग से दूल्हे के चाचा की मौत

Feb 05 2020

ग्वालियर। लगुन में निमंत्रण ना देने पर तीन हमलावरों ने युवक के चाचा की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। घटना हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम विलारा की है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई और घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजा। जहां पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के विलारा निवासी ऊदल सिंह कुशवाह (30) पुत्र जसवंत सिंह कुशवाह पेशे से किसान हैं और उसके भतीजे देवाराम की लगुन आई थी और पूरा परिवार मेहमानों की आवभगत में लगा था। इसी बीच गांव में ही रहने वाले हरेन्द्र राणा, बाली राणा और गुड्डू राणा वहां पर शराब के नशे में पहुंचे और फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली ऊदल के सीने में लगी, गोली लगते ही ऊदल जमीन पर गिर गया और हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।
युवक को गोली लगने और फायरिंग के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गईऔर जिसे जहां जगह मिली वहां पर छिपकर जान बचाई। आरोपियों के भागने के बाद लोग बाहर निकले और घायल की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हस्तिनापुर थाना पुलिस के साथ ही पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे और वहां पर तनाव को देखते हुए उटीला, बिजौली और बेहट के साथ ही लाइन से बल तैनात कर दिया।