मौसम में होगा परिवर्तन

Feb 03 2020

ग्वालियर। लगातार सर्द हवाएं चलने से अभी रात में ठिठुरन बरकरार है। इसी क्रम में सोमवार सुबह ठंडी हवाएं चलीं। हालांकि सूरज भी उदयमान रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हवाओं का रुख बदलने से मंगलवार से मौसम के मिजाज में बदलाव होगा।
शाम के वक्त बादल छाने लगेंगे। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ बरसात होने की संभावना है। वर्तमान में हवा का रुख लगातार उारी बना हुआ है। इस वजह से जिले में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किए जा रहे हैं। आसमान साफ होने के कारण धूप खिली, लेकिन दोपहर में करीब 20 किमी. प्रति घंटा की गति से सर्द हवाएं चलने से वातावरण में सिहरन बनी रही। वातावरण में नमी आने का सिलसिला शुरू होने से बारिश हो सकती है। 
मौसम के जानकारों का कहना है कि शहर की फिजा में घुली ठंडक के पीछे पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी है। चूंकि आसमान पूरी तरह से साफ है, ऐसे में यह शहर में यह आसानी से प्रवेश कर रही है। दोपहर में यह अपनी उपस्थिति दर्ज कराती हैं, लेकिन धूप के कारण ज्यादा असर नहीं डाल पातीं। इसका असर इस तरह देखा जा सकता है कि छांव में खड़े होने पर कंपकंपी सी महसूस हो रही है। शाम के साथ ही ठंड में जबरदस्त इजाफा हो जाता है। ऐसे में आठ बजे तक शहर की सड़कों और बाजारों में सन्नाटा सा पसरने लगता है। सुबह नौ बजे तक ठंड का अहसास पूरी तरह कायम है।
पूर्वी राजस्थान में एक बार फिर ऊपरी चक्रवात बन रहा है, वहीं अरब सागर से आ रही तेज नमी 48 घंटे में मौसम का मिजाज बदल सकती है। बादलों के साथ सर्द हवा अपना प्रभाव बनाएगी, साथ ही बूंदाबांदी हो सकती है।