विवाहिता ने लगाई फांसी, परिजनों ने लगाये पति पर आरोप

Jan 31 2020

ग्वालियर। शादी समारोह से लौटकर आई विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना माधौगंज थाना क्षेत्र के प्रीतमपुरा कॉलोनी की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी मौके पर बुला लिया। मृतका के मायके पक्ष ने हत्या के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम हाउस भेज दिया है। 
माधौगंज थाना क्षेत्र के प्रीतमपुरा निवासी कमल सिंह कुशवाह की पत्नी निकिता ने साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला, जब कमल सिंह की आंख खुली तो वह फंदे पर झूल रही थी। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव तथा मृतका के परिजनों को भी बुला लिया। 
पुलिस जांच में पता चला है कि शादी समारोह से लौटकर आते ही निकिता और कमल सिंह में किसी बात पर विवाद हुआ था। पुलिस का मानना है कि विवाद के बाद ही मृतका ने फांसी लगाकर जान दी है। 
परिजनों ने लगाए आरोप
मौके पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के एक साल बाद ही वह दहेज के लिए निकिता की मारपीट करता था, जिसकी शिकायतें भी थाने में की हंै। वहीं मृतका बेड पर बैठी स्थिति में है, इससे फांसी नहीं लग सकती है। वहीं पति भी उसी बेड पर सोया हुआ था। अगर वह फांसी लगाने का प्रयास करती तो उसको पता चल जाता। निकिता ने फांसी लगाकर जान नहीं दी, बल्कि पति ने उसकी हत्या कर टांगा है। बताया गया है कि वर्ष 2016 में निकिता व कमल सिंह का विवाह हुआ था और उनके दो बच्चे हैं, जिसमें एक बेटा और एक बेटी है।