सूने घर के ताले चटकाकर दो लाख नगदी सहित जेवर चोरी

Jan 13 2020

 
ग्वालियर। दादी का देहांत होने पर अपने गांव गए एक फैक्ट्री कारोबारी के सूने घर के ताले चटकाकर चोर गिरोह नगदी दो लाख आठ हजार रुपए के साथ ही जेवर व अन्य कीमती सामान पार कर ले गए। वारदात जनकगंज थाना क्षेत्र के गोल पहाडिय़ा स्थित अयोध्या कॉलोनी की है। घटना का पता उस समय चला जब पड़ोसियों ने उनके घर के ताले टूटे देखे तो फरियादी को सूचना दी। सूचना मिलते ही वे वापस आए और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। 
जनकगंज थाना क्षेत्र के गोल पहाडिय़ा अयोध्या कॉलोनी निवासी मोहम्मद हफीज पुत्र मोहम्मद रफीक कारोबारी हैं और वे मूलत: भितरवार थाना क्षेत्र के हिम्मतगढ़ के रहने वाले है। हफीज की जनकगंज इलाके में ही बाइण्डिंग कारखाना और ग्लैक्सी नोट बुक के नाम से फैक्ट्री है। कुछ दिन पहले उनकी दादी सुको बाई का निधन हो गया था। दादी का निधन होने पर वे परिवार के साथ अपने गांव गए थे और यहां पर ताले डाल गए थे। इसी बीच सूना घर देखकर चोरों ने ताले चटकाए और अलमारी में रखे दो लाख आठ हजार रुपए के साथ ही सोने व चांदी के जेवर, एलईडी तथा अन्य कीमती माल पर हाथ साफ कर गए। वारदात का पता देर रात लगा जब पड़ोस में रहने वाले सैनिक नवल गिरी ने उनके घर के ताले टूटे देखे तो उन्हें सूचना दी। सूचना मिलते ही वे वापस आए और वारदात की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। 
पीडि़त ने पुलिस को बताया कि फैक्ट्री के साथ ही उनका खेती का काम है। अभी हाल ही में उनके  द्वारा बेची गई प्याज के पैसे घर पर रखे हुए थे। वहीं फैक्ट्री के काम में हमेशा रुपयों की जरूरत पड़ती है, इसलिए वे हमेशा ही पैसे घर पर रखते हंै। 
किसान के घर से नगदी व जेवर चोरी
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के कंचनपुर निवासी संग्राम सिंह पुत्र रामचरण सिंह किसान है और दो दिन पहले अपने गांव गए थे और यहां पर ताले डाल गए थे। सूना घर देखकर चोरों ने ताले चटकाए और अलमारी में रखी एक चेन, मंगलसूत्र व बाला सहित 56 सौ नगदी व एक एलईडी पार कर ले गए। वारदात का पता शाम को चला जब वे वापस आए तो पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।