जनवरी के अंत में जेएएच में बनेंगे 4 जांच कलेक्शन सेंटर

Jan 10 2020

ग्वालियर। अंचल के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीजों के परिजनों को अब रोग संबंधी जांच सैंपल देने के लिये सेंट्रल पैथोलॉजी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अस्पताल प्रबंधन जेएएच कैंपस स्थित वार्डो में ही चार कलेक्शन सेंटर शुरू करने जा रहा है। इन कलेक्शन सेंटरों से ही संबंधित वार्ड में भर्ती होने वाले मरीज के सेंपल लिये जायेंगे वहीं जांच रिपोर्ट भी उसी दिन संबंधित कलेक्शन सेंटर से दोपहर बाद दी जायेगी। कलेक्शन सेंटर के लिए अस्पताल प्रबंधन ने स्थान चयनित कर लिए हैं। जेएएच के वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों को अब जांच सैंपल देने के लिये सीएलपी सेंटर नहीं जाना पड़ेगा। मरीजं व उनके परिजनों को सुविधा देते हुए अस्पताल प्रबंधन कैंपस में ही चार जांच कलेक्शन सेंटर शुरू करने जा रहा है। ये जांच कलेक्शन सेंटर जेएएच की पत्थर वाली इमारत, न्योरोलॉजी, केआरएच व जेएएच के मेडिसन आईसीयू व कार्डियोलॉजी में तैयार किए जा रहे हैं। संभवत- ये चारो जांच कलेक्शन सेंटर जनवरी महीने के अंत तक शुरू कर दिये जायेंगे।