एटीएम तोड़ रहे बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा सीसीटीवी कैमरे में हुए कैद

Jan 08 2020

ग्वालियर। आधी रात को एटीएम तोड़कर लूट के इरादे से आए दो बदमाशों को पुलिस कंट्रोल रूम और महाराजपुरा पुलिस की तत्परता से वारदात को अंजाम देने से पहले दबोच लिया है। पकड़े गए बदमाशों से पुलिस ने सरिया तथा अन्य सामान बरामद किया है। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर के पास स्थित ओरिएंटल बैंक के एटीएम बूथ  की है। पकड़े गए बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर के पास ओरिएंटल बैंक के एटीएम में करीब 2.55 बजे दो बदमाश सब्बल से मशीन तोड़ते दिखे। बदमाश अभी एटीएम तोड़ ही रहे थे कि तभी कंट्रोल रूम को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एफआरवी 17 और प्वाइंट पर तैनात जवानों के साथ ही हजीरा थाना प्रभारी आलोक परिहार को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। सूचना मिलते ही आलोक परिहार ने जवानों के साथ घेराबंदी की और बदमाशों को एटीएम बूथ में ही दबोच लिया। पुलिस के पह़ुंचने से पहले बदमाशों ने एटीएम मशीन का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त कर दिया। बदमाशों से पुलिस टीम ने एक सब्बल सहित बूथ तोडऩे का सामान बरामद किया है।
पुलिस ने दोनों बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम विपुल गुर्जर पुत्र सालिगराम गुर्जर निवासी डीडी नगर तथा बि सार गौतम पुत्र आदिराम गौतम निवासी डीडी नगर बताया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
बदमाशों को पकडऩे में थाना प्रभारी हजीरा आलोक परिहार, आरक्षक मनोज तोमर, राहुल राठौर, आरक्षक राजकुमार, विजय तोमर के साथ ही कंट्रोल रूम में पदस्थ एएसआई ओपी शर्मा, आरक्षक धर्मेन्द्र शाक्य की सराहनीय भूमिका रही।