सिक्योरिटी गार्ड को कट्टा अड़ाकर लूटी रायफल

Jan 06 2020

ग्वालियर। ड्यूटी कर वापस घर जा रहे सिक्योरिटी गार्ड से बाइक सवार दो बदमाशों ने राम-राम की और कुछ आगे जाने के बाद कट्टा अड़ाकर गार्ड की रायफल लूट ली। जब गार्ड ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी रायफल के बट से मारपीट कर दी। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के न्यू कलेक्ट्रेट पहाड़ी के पीछे सोमवार सुबह की है। घटना का पता चलते ही थाना पुलिस के साथ ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और जांच के बाद फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश में सर्चिंग शुरू करा दी। फिलहाल लुटेरों का सुराग नहीं मिला है। 
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के महलगांव निवासी जसवंत पालिया (65) पुत्र मनसाराम पालिया सिक्योरिटी गार्ड है और अभी वह गुलमोहर गार्डन पर तैनात है। रोजाना की तरह वह अपनी ड्यूटी पर 315 बोर लायसेंसी रायफल लेकर आया था। रात को ड्यूटी करने के बाद वह छह बजे अपने घर जाने के लिए निकला था। रायफल साइकिल से बांधने के बाद वह अभी कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि तभी उसे दो युवक बाइक के पास खड़े हुए दिखाई दिए। उनके पास आने पर दोनों युवकों ने उनसे राम-राम की और राम-राम करने के बाद वह आगे बढ़ गए। इसके बाद बाइक सवार भी आगे निकल गए। कुछ ही दूरी पर पहुंचने पर दोनों युवक उन्हें दिखाई दिए और उनके पास आते ही एक युवक ने उन्हें रोका और साइकिल रोकते ही उनकी छाती पर कट्टा अड़ा दिया। इसी बीच दूसरे बदमाश ने उनकी रायफल साइकिल से निकाल ली, रायफल निकालते ही उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने कट्टे व रायफल के वार उन पर कर दिए। इसके बाद बदमाश रायफल, एक हजार रुपए और गार्ड का मोबाइल लूट लिया। 
लूट का शिकार गार्ड किसी तरह अपनी जान बचाकर वापस गुलमोहर गार्डन पहुंचा और घटना की जानकारी साथी गार्डोंं को देने के बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए अफसरों को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामनरेश यादव, आईपीएस रजत सकलेचा सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। 
मौके पर पहुंचे अफसरों को सड़क से पचास फीट दूर फरियादी की साइकिल एक खेत में पड़ी मिली और पास ही उसके हाथ के दस्ताने मिले। इस पर पीडि़त ने बताया कि मारपीट करते हुए बदमाश उसे सड़क से नीचे खींच लाए थे और उसकी मारपीट की थी। 
रायफल लूट की वारदात के बाद पुलिस ने शहर के साथ ही हाइवे पर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि वारदात के बाद बदमाश हाइवे की तरफ भागे होंगे। वहीं एक टीम लुटेरों की तलाश के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।