साल के पहले रविवार को मेले पहुंचे सैलानी झूला सेक्टर फुल रहा

Jan 05 2020

ग्वालियर। सरकारी कर्मचारियों की वेतन मिलते ही जेब गर्म हो गई है तो प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों को तन वाह मिल गई है। जेब गर्म होते ही व्यापार मेले में खरीदारी करने के लिए सैलानी सुबह से ही मेले में पहुंचना शुरु हो गए हैं। रविवार को मेले की ओर जाने वाले हर रास्ते पर सैलानियों की भीड़ खड़ी नजर आ रही है और जो लोग यात्री वाहनों 
से जा रहे हैं वह चौराहों पर खड़े होकर वाहनों का इंतजार कर रहे हैं। सैलानियों की भीड़ बढऩे से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। आज साल का पहला रविवार है। सुबह से ही मेले में पहुंचकर सैलानियों ने भेलपुरी और सॉ टी का आनंद लेना शुरू कर दिया तो वहीं झूलों पर पहुंचकर युवा शोर मचाते हुए झूलों का आनंद ले रहे हैं। मेले के हर सेक्टर में सैलानियों की भीड़ सुबह से ही नजर आ रही है। दुकानें पूरी तरह से नहीं लगने के कारण सैलानियों को मायूसी भी हो रही है।
दुकानदारों ने भी रविवार होने से अपनी दुकानों को सुबह से ही खोल लिया। दुकानों के खुलने के साथ ही सैलानी पहुंचना शुरू हो गए। सैलानी जहां इलैक्ट्रोनिक उपकरण देखते हुए पसंद कर रहे हैं तो वहीं खानपान की दुकानों पर पहुंचकर स्वाद भी ले रहे हैं।
मेले के हर सेक्टर में सैलानियों की भारी भीड़ लगी हुई है। मेले के उद्घाटन के बाद यह पहला अवसर है जब शहर के साथ- साथ ग्रामीण भी मेले में पहुंच रहे हैं जहां सैलानियों की भीड़ बढऩे से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। 
व्यापार मेले में आए ऑटोमोबाइल सेक्टर में पहुंचकर सैलानी दोपहिया और चार पहिया वाहनों की पूछताछ करते हुए बुकिंग करा रहे हैं। मेले में आने वाले सैलानियों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा वाहन खरीद पर आरटीओ में 50 प्रतिशत की छूट दी गई है। इसका लाभ लेने के लिए शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से सैलानी पहुंचकर वाहनों की खरीदारी कर रहे हैं।
वहीं व्यापार मेले में रविवार को सैलानियों की भीड़ हर सेक्टर में नजर आ रही है तो वहीं उन्हें परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। सैलानी अपने दुपहिया व चारपहिया वाहनों से मेले तो पहुंच रहे हैं लेकिन उन्हें वाहनों को खड़ा करने में परेशानी हो रही है।
रविवार को मेले की सभी पार्किंगें दोपहर तक फुल हो गईं जिससे पार्किंग संचालक भी वाहनों को खड़ा करने से कतरा रहे हैं। मेले में पार्किंग में वाहन खड़े नहीं होने के कारण लोगों को सड़क किनारे खड़े करने पड़ रहे हैं। 
वहीं पार्कों में भी पहुंचकर सैलानी धूप का आनंद ले रहे थे। मेला घूमते हुए जो लोग थक गए थे वह पार्कों में बैठकर मूंगफली का लुत्फ उठा रहे थे। मेले में राजमाता सिंधिया, माधवराव सिंधिया पार्क फुल नजर आ रहे थे तो वहीं शिल्प बाजार का गार्डन भी सैलानियों से भरा हुआ था।