घना कोहरा छाने से फिर कांपे लोग

Jan 05 2020

ग्वालियर। लगातार सर्दी के बाद बीते दो दिन सर्दी से राहत जरूर रही हो, लेकिन एक बार फिर जिस तरह से ठंड ने अपना असर दिखाया है और लोगों के सामने जो हटो बचो की स्थिति पैदा हुई है, ऐसे में अब सब एक दूसरे से यही सवाल करते दिखे रहे हैं कि आखिर सर्दी से छुटकारा कब मिलेगा। हालात बेहद परेशान करने वाले हैं सुबह से घने कोहरे और सर्द हवा के चलते लोग घर से नहीं निकल पा रहे, वहीं सुबह नौ बजे तक दृश्यता इतनी कम रही कि लोगों को वाहन चलाने तक में भारी दिक्कतें आई, भले ही इस दौरान न्यूनतम पारे ने अपने स्तर में गिरावट दर्ज नहीं होने दी, लेकिन सर्दी कायम रही। न्यूनतम पारा रविवार सुबह 10 डिग्री सेल्सियल अधिक रहा यह सामान्य से 4 डिग्री प्लस दर्ज हुआ। आद्र्रता सामान्य से 20 प्रतिशत ऊपर रही, जिससे वातावरण में नमी बढ़ जाने से गलाव की स्थिति निर्मित हो गई।
मौसम के जानकारों द्वारा लगातार यह संभावना जताई जा रही थी कि अब मौसम में कुछ तब्दीली आएगी और पहले राजस्थान और फिर गुजरात में बने सिस्टम बरसात को अंजाम देंगे , जिससे भले ही पारे का स्तर कम होगा, लेकिव ठिठुरन से छुटकारा मिलने से कुछ राहत का भी अहसास होगा, लेकिन अब जानकार खुद हैरत में हैं, क्योंकि सिस्टम के तैयार होने और ग्वालियर के ऊपर मंडराने के बावजूद कोहरा कायम है और बादल ठहर नहीं रहे। इसके कारण नार्थ-ईस्ट से आने वाली सर्द हवा भी परेशानी का कारण बनी हुई है।
गर्मी में भी बने थे ऐसे हालात
जिस तरह अभी लगातार सर्दी के कारणों को लेकर मौसम वैज्ञानिक असमंजस की स्थिति बयां कर रहे हैं इसी तरह गर्मी के मौसम में भी जून में एक पखवाड़ा ऐसा बीता था कि गर्मी का प्रकोप कम नहीं हो रहा था, तब भी जानकार यही कहते दिखे थे कि पता नहीं ऐसा क्यों हो रहा है।
बर्फबारी फिर भारी
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत और हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार जारी बर्फबारी के चलते कोहरे और सर्द हवा लगातर प्रभावी है और सिस्टम पर भारी पड़ रहे है, जिससे बादल एकजुट नहीं हो पा रहे। लगभग 24 घंटे हालात फिर ऐसे ही रहने वाले हैं। आज दिन के पारे में भी गिरावट दर्ज हो सकती है।