पांच दिन में 13 वारदातें, 50 लाख का माल ले गए चोर

Jan 05 2020

ग्वालियर। सर्दी और कोहरे से पुलिस चोरों से हार गई। सर्दी के चलते पुलिस सड़कों से दूर हुई तो चोर सक्रिय हुए और पांच दिन मेें 13 वारदातों को अंजाम देकर 50 लाख रुपए से ज्यादा का माल समेट ले गए। चोरी की वारदातों को रोकने के लिए पुलिस को अब मुनादी करानी पड़ रही है और जवानों की सक्रियता को जांचने के लिए अब एक एएसपी स्तर के अधिकारी भी चेकिंग करेंगे। 
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम निवासी अखिलेन्द्र सिंह पुत्र जयेन्द्र सिंह राजावत आर्मी जवान है और मूलत: भिण्ड के रहने वाले है। कुछ दिन पहले उनके गांव में भागवत कथा का आयोजन का कार्यक्रम था। भागवत कथा में भाग लेने के लिए अखिलेन्द्र का पूरा परिवार भी घर पर ताले डाल कर गया था। सूना घर देखकर चोरों ने धावा बोला और ताले चटकाकर घर से नगदी 20 हजार सहित करीब 13 तोला सोने व चांदी के आभूषण पार कर दिए। वारदात का पता सुबह चला जब आस-पास के लोगों ने घर के ताले चटके देखे तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। 
पुलिस सूने घरों में चोरी की वारदात रोकने के लिए मुनादी करवा कर लोगों को जागरूक करेंगी। साथ ही उन्हें निर्देश देगी कि अगर वे अपना घर खाली छोड़कर जाते है तो पुलिस को सूचना दें। साथ ही सूने घर में नगदी व जेवर ना छोड़े। 
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर में भारी सं या में रह रहे झुग्गी-झोपड़ी वालों का वैरिफिकेशन करने के लिए महाराजपुरा थाना पुलिस ने इनका रिकार्ड बनाना शुरू कर दिया है और यहां पर रहने वाले लोगों की जानकारी का मिलान उन थानों द्वारा करवाया जा रहा है, जहां के यह मूल निवासी है। 
चोरी की वारदात रोकने के लिए एसपी नवनीत भसीन के निर्देश पर अब रात में जवानों और अफसरों की सतकर्ता की जांच के लिए एएसपी रहेंगे। जो थाना क्षेत्रों में तैनात जवानों के साथ ही अफसरों की मौजूदगी का पता लगाएगे और जो भी जवान व अफसर अपने प्वाइंट या बताए गए स्थान पर नहीं मिलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। 
सराफा कारोबारी के घर से एक लाख नगद और जेवर चोरी
झासी रोड थाना क्षेत्र के पारस विहार निवासी संतोष शर्मा सराफा कारोबारी है और उनकी सराफा बाजार में सोने चांदी की दुकान है।  संतोष शर्मा किसी काम से शहर से बाहर गए थे और पत्नी प्रियंका खासगी बाजार स्थित मायके गई थी। इसी बीच चोरों ने उनके घर पर धावा बोल कर नगदी करीब एक लाख रुपए के साथ ही सोने का हार, चार अंगूठी, चार चूढी, सोने की चेन तथा चांदी के जेवर पार कर ले गए। वारदात का पता सुबह चला जब प्रियंका वापस आई तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।