फिर रिकार्ड तोड़ेगी ठंड, शहर में बढ़ा कोहरा

Jan 04 2020

ग्वालियर। पिछले एक पखवाड़े से सर्दी सारे रिकॉर्ड तोड़ रही थी। नए वर्ष की शुरूआत में तापमान में हो रही लगातार बढ़ोतरी की वजह से महानगर वासियों को सर्दी से कुछ राहत मिली थी। सूर्य देवता दो दिन तक साफ आसमान में धूप प्रदान करते रहे। वहीं इसका आनंद लोगों ने किला और अन्य पर्यटन स्थलों पर जाकर लिया और पिकनिक भी मनाई, लेकिन शनिवार की सुबह लोग जब उठे तो शीत हवाओं का एहसास हुआ और बाहर आए तो सड़क कोहरे की जद में दिखाई दिया। यह साफ संकेत है कि आने वाले 48 घंटे में सर्दी अपना प्रभाव से लोगों को कांपने के लिए मजबूर करने वाली है। बीते दिवस न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस का इजाफा होने के कारण दिन में तो लोगों को ज्यादा सर्दी नहीं लगी लेकिन शाम से वातावरण में ठंडक घुलनी शुरू हो गई थी। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि हवाओं की गति और तेजहो जाएगी। 
सुबह के वक्त हाइवे पर तो कोहरा के कारण 30 फुट आगे भी कुछ नहीं दिखाई दे रहा था। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी वाहन चालकों को उठानी पड़ी। कई स्थानों पर वाहन आपस में टकरा गए। दिन में भी वाहनों की लाइटें जल रही थी। सुबह 11 बजे के बाद ही कोहरे में कमी देखने को मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार एक-दो दिन में बादल छा जाएंगे।
करीब दस दिनों बाद घना कोहरा दिखाई दिया। सुबह 11 बजे तक पूरा जिला कोहरे की सफेद चादर में लिपटा रहा। अब तक प्रत्याशित ठंड से बच रहे लोगों को अचानक फिर से कोहरा पडऩे के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। कोहरे की चादर के कारण सुबह के समय तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।