गुनगुनी धूप निकलने से रही चहल-पहल

Jan 03 2020

ग्वालियर। कड़ाके की सर्दी से बेहाल तानसेन नगरी के लोगों के लिए नए साल का तीसरा दिन राहत लेकर आया। गत दिवस मौसम साफ रहा और सूरज ने अपनी ताकत दिखाई। शुक्रवार को भी सूरज देवता ने गुनगुनी धूप से राहत दी। 12 बजे अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री पर पहुंच गया। गुनगुनी धूप सेंकने के बाद शाम को फिर से शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया। नए वर्ष की शुरूआत में तापमान में बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन रात सर्द रही। सुबह से ही शहर के स्मारकों, पार्क, कॉलोनियों में गुनगुनी धूप खिलने से चहल पहल बनी रही। स्कूलों की छुट्टियों के कारण बच्चे पार्क में नजर आए।
दो दिन बाद बारिश की संभावना
पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के कारण चल रही बर्फबारी के बीच मैदानी इलाकों में पूर्वी हवा के साथ बादल छाने का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों में बारिश के आसार हैं। ग्लोबल वार्मिंग की वजह से अचानक ठंड- बारिश हो जाती है। मौसम विभाग के अनुसार ग्लोबल वार्मिंग से भू मध्य सागर, काला सागर और कैस्पियन सागर में लो प्रेशर जोन बनता है। इससे अचानक तेज ठंड और तेज बारिश हो सकती है।