इस बार 15 को मनेगी संक्रांति

Jan 02 2020

ग्वालियर। मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी बुधवार को मनाया जाएगा, सूर्य 14 जनवरी की देर रात 2.21 पर मकर राशि में पहुंचने के कारण ज्योतिषियों और पंडितों का मानना है कि उदित तिथि में यह पर्व 15 जनवरी को मनेगा। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश को ही मकर संक्रांति कहते हैं, यहां से सूर्य उत्तरायण हो जाते हैं।
यहां से देवताओं के दिन और देत्यों की रात्रि शुरू हो जाती है, इस वजह से विवाह, गृह प्रवेश, मूर्ति प्रतिष्ठा जैसे शुभ कार्य संक्रांति के बाद शुरू होंगे। मकर संक्रांति पर्व पूर्व फाल्गुनी नक्षत्र में माघ मास के कृष्ण पक्ष की पंचमी पर होने वाली संक्रांति के बीच मनेगा, इस कारण यह सर्व सुख प्रदान करने वाली है, इसका वाहन गंधर्व होने से निर्माण की गतिविधियों में बढ़ोतरी व अपवाहन मेष होने से प्रजा में आततायियों का आतंक बढ़ेगा और दंड की प्रबलता बढ़ेगी। संक्रांति के पांडुर वस्त्र धारण करने से महंगाई में वृद्धि होगी। केतकी पुष्प के कारण शिव आराधना करने वालों को सुख की प्राप्ति होगी। मकर संक्रांति 2020 को विशेष पुण्यकाल प्रात:8.14 से सूर्यास्त तक रहेगा। पुण्य काल के समय में तीर्थ स्थान, दान, जाप, हवन, तुला दान, स्वर्ण दान का विशेष महत्व है। गरीबों को कंबल, ब्राह्मणों को खिचड़ी व तिल गुड़ का पात्र भरकर दान करने से शुभ फल की प्राप्ति होगी। स्नान के पूर्व शरीर पर तिल का उपटन लगाकर स्नान करने से आरोग्य की वृद्धि होती है। इन राशियों पर रहेगा प्रभाव मेष को धन लाभ, वृषभ को सिद्धि, मिथुन को विजय, कर्क को आर्थिक हानि, सिंह को शुभ समाचार, कन्या को आत्मसंतोष, तुला को धन लाभ, वृश्चिक को कलह और विवाद, धनु को ज्ञान वृद्धि, मकर को यश- कीर्ति, कुंभ को मान-स मान और मीन राशि वाले भय ग्रस्त रह सकते हैं।