सात दिन बाद धूप खिलने से मिल राहत

Jan 02 2020

ग्वालियर। ताबड़तोड़ हाड़ कंपाऊ सर्दी के बाद अंतत: गुरुवार को पारे ने लगभग एक सप्ताह बाद फिर होश संभाला और यह मायनस की जगह + 1.4 दर्ज हुआ। तीन रोज पहले न्यूनतम पारा मात्र 2.2 डिग्री सेल्सियस रह गया था, इसके बाद 3 डिग्री, फिर 5.2 और आज यह 7.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सुबह जल्दी ही कोहरा सिमट गया और नौ बजे धूप ने पैर पसार दिए, इसके बाद लोगों को आज हाथ-पैर खोलने का मौका मिला अन्यथा अब तक सुबह से रात तक सिकुड़ते और ठिठुरते हुए ही वक्त गुजारना पड़ रहा था। सर्दी का प्रकोप ऐसा कि गर्म कपड़ों से लेकर रजाई तक में गर्माहट का अहसास दम तोड़ रहा था।
जब ठिठुरन से कुछ राहत मिली और सूरज को चमकते देखा तो फिर इस बदलाव ने लोगों में दम भर दिया। ऐसे में अब तक खाली पड़ी रहने वाली सड़कों पर सुबह से गहमागहमी बढ़ गई। लोग अपने काम निपटाने घरों से बाहर आ गए। बाजारों में भी पिछले कुछ दिनों की अपेक्षा अधिक लोग दिखाई दे रहे हैं और अपनी जरूरत का सामान खरीद रहे हैं। दोपहर से पहले ही सब कुछ सामान्य दिखा।