ट्रक और ट्रैक्टर की भिड़ंत, एक की मौत, एक गंभीर

Dec 28 2019

ग्वालियर। रिश्तेदार के यहां पर भूसा पहुंचाने आ रहे ट्रैक्टर चालक को तेज र तार आ रहे ट्रक चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा कोहरे और ट्रक के तेज गति में होने से हुआ है। घटना सिरोल थाना क्षेत्र के रमौआ गांव के पास की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजकर मृतक का शव पीएम हाउस पहुंचा दिया है। वहीं मौका पाकर आरोपी चालक अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया।

शिवपुरी निवासी धर्मेन्द्र कुशवाह पुत्र तेजसिंह कुशवाह किसान है और शिवपुरी से भूसा भरकर अनूप गुर्जर के साथ अलापुर गांव में रवि गुर्जर के घर पर आ रहा था। अभी वह रमौआ गांव के पास पहुंचा ही था कि तभी पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीबी 5658 के चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर चालक हवा में उछला और सड़क पर गिरा। सड़क पर गिरते ही ट्रक का पहिया उसके ऊपर आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि उसके साथ ट्रैक्टर पर सवार अनूप गुर्जर भी घायल हो गया और बेहोश हो गया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अनूप को उपचार के लिए भिजवाकर हादसे का शिकार हुए मृतक धर्मेन्द्र का शव पीएम हाउस पहुंचा दिया है। वहीं मौका पाकर आरोपी चालक अपना वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मौके पर पहुंचे अफसरों का कहना था कि जिस समय हादसा हुआ था, उस समय हाइवे पर काफी घना कोहरा था और संभवत: कोहरे के कारण ट्रक चालक को ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया था और हादसा हो गया।