नवविवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

Dec 27 2019

ग्वालियर। बहन और बहनोई से बात करने के बाद नवविवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बघेल मोहल्ला पुरानी छावनी कस्बा की है। घटना का पता चलते ही पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल पता नहीं चल सका है कि किस कारण के चलते पीडि़ता ने फांसी लगाई है। वहीं हादसे का पता चलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। 
पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बघेल मोहल्ला निवासी सुनील रजक प्रायवेट जॉब करता है। दो साल पहले उसका विवाह डबरा निवासी पूजा (23) से हुआ था। रात में पति-पत्नी ने साथ खाना खाया और अपने कमरे में सोने चले गए। इसी बीच पूजा की बहन राधा और बहनोई राजेश का फोन मोबाइल पर आया। पूजा उनसे बात करने लगी और सुनील सो गया। रात करीब एक बजे उसकी नींद खुली तो देखा कि राधा फांसी के फंदे से झूल रही है। हादसे का पता चलते ही उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी और जांच के लिए मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट विनोद ढीगरा को भी बुलवा लिया। 
पुलिस जांच में पता चला है कि मृतका का पति शराब पीने का आदी था और नशे में उसे परेशान करता था। वहीं मायके से आए परिजनों ने भी शराब पीकर परेशान करने के आरोप लगाए हैं।