मैरी क्रिसमस सुबह से ही गिरिजाघरों में हुए धार्मिक आयोजन

Dec 25 2019

ग्वालियर। हम आज भी अंधकारमय जीवन जीना चाहते हैं, अंधकार में जीवन जीने से उपलधियां नहीं मिल सकती और अपनों से दूरियां बढ़ती जाती हैं। प्रभु यीशु का जन्म हमारे हृदय के अंदर पल रहे बैर-भाव को मिटाने के लिए हुआ है। हमें अपने हृदय के अंदर पल रहे अंधकार, घृणा, क्रोध और बुरे विचारों को मिटाकर जीवन को परिवर्तित करना होगा। यह बात बुधवार को क्रिसमस के पर्व पर फालका बाजार चर्च में धर्मसभा में धर्म अध्यक्ष डॉ. जोसफ थायकाट्टिल ने कही। 
देश में फैली अशांति खत्म हो और शांति बनी रहे। सभी भाईचारे के साथ मिल-जुलकर रहें, इसके लिए विशेष प्रार्थना की गई और कै ंडल जलाकर प्रभु यीशु और माता मरियम से कामना की। बुधवार सुबह से ही चर्च व गिरजाघरों में क्रिश्चियन समाज के साथ-साथ अन्य समाज के लोग क्रिसमस का पर्व मनाने पहुंचे। फालका बाजार चर्च में धर्मप्रांत के धर्म अध्यक्ष के साथ विकार जनरल फादर डेविड, पल्ली पुरोहित फादर विन्सेंट मौजूद थे। इसके साथ ही मिस्सा बलिदान चढ़ाया। फादर ने कहा कि प्रभु यीशु का स्वागत करें और अपने जीवन को सुधारें। उन्होंने कहा कि क्रिसमस के पर्व पर हम नए कपड़े पहनते हैं, अच्छा खाना खाते हैं, लेकिन ईश्वर के प्रति विश्वास नहीं रखते हैं। ईश्वर के प्रति विश्वास करो तभी क्रिसमस का यह पर्व हमारे जीवन को सार्थक करेगा। मुरार सेंट पॉल चर्च में फादर जोन जेवियर, फादर सी अल्फोंस, फादर डिकेन आकाश, सेंट टेरेसा आश्रम सिक ंदर क पू में फादर सिबेस्टिन, महाराजपुरा में फादर प्रताप टोपो, फादर मार्टिन ने प्रार्थना सभा कराई।
आज सुबह से ही गिरजाघरों में प्रार्थना सभाएं की गईं और कैरोल गीत गाकर प्रभु यीशु के जन्म की खुशियां मनाई जा रही हैं। सुबह से ही गिरजाघरों में पहुंचे लोगों ने प्रभु यीशु का जन्मदिन मनाते हुए कैंडल जलाकर कैरोल गीत गाए। क्रिसमस पर प्रभु यीशु के जीवन की बातों पर अमल करने की प्रतिज्ञा ली। गीत गाते हुए कहा गया कि बुराइयों से बचाकर रख तेरी दया से पाप और बुराइयां हमसे दूर रहें। आपकी कृपा हम पर बने और बिगड़े काम बन जाएं, इस तरह से प्रार्थनाएं की जा रही थीं। प्रार्थना सभा में फादर ने प्रभु यीशु के जन्म पर आधारित बातों को बताया और उनके बताए हुए मार्ग का अनुसरण करने की बात भी कही। इस दौरान माता मरियम के चित्र पर कैंडल भी जलाई गई।
मिले गले, खिलाया केक
प्रभु यीशु के जन्म पर सुबह प्रार्थना सभाएं हुईं तो जन्मदिवस की खुशी को दोगुना करने के लिए केक काटे गए। ईसाई समाज के लोगों ने घरों में केक व व्यंजन तैयार किए और इसे चर्च में लेकर आए। बेकरियों पर सुबह से ही केक खरीदने वालों की भीड़ लगी हुई है। जिन लोगों ने ऑर्डर देकर केक बनवाया है, वह भी डिलेवरी लेने दुकानों पर सुबह 8 बजे से ही पहुंचना शुरू हो गए। क्रिसमस को देखते हुए केक बनाने वालों ने अपनी दुकानों को निर्धारित समय से पहले खोल ली। चर्च में केक काटने के बाद एक-दूसरे को खिलाते हुए कहा गया मैरी क्रिसमस।
मिस्सा बलिदान अर्पित किया
सेंट पॉल चर्च मुरार में पल्ली पुरोहित फादर जॉन जेवियर ने प्रभु यीशु को मिस्सा बलिदान अर्पित किया। इस दौरान फादर माइकल एंथोनी, एबिल एसट्रोस, पीवी जॉन, रीटा दुसेजा, अनीता मिंज भी मौजूद रहीं। कॉर्मल कान्वेंट चर्च में मिस्सा बलिदान फादर थॉमस ने अर्पित किया। महाराजपुरा स्थित गुड शेफर्ड चर्च में पल्ली पुरोहित फादर स्टेनली ने मिस्सा बलिदान अर्पित किया। इसके साथ ही शहर के सभी चर्चों में पल्ली पुरोहित फादरों ने मिस्सा बलिदान अर्पित कराया। सुबह 8.30 बजे से प्रभु यीशु से अपने परिवार की खुशहाली के लिए मनोकामनाएं मांगी गईं।
विधायक ने दी बधाई
क्रिसमस के पर्व पर सेंट पॉल चर्च मुरार में क्षेत्रीय विधायक मुन्नालाल गोयल पहुंचे और उन्होंने प्रार्थना सभा में शामिल होकर शहर में अमन और शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान फादर जॉन जेवियर ने मिस्सा बलिदान कराया, इसके बाद उन्होंने सभी को बधाई दी। इस मौके पर प्रवता एबिल एसट्रोस भी मौजूद थे। बुधवार की सुबह से ही एक-दूसरे को बधाई देने के लिए सभी लोग चर्चों में एकत्रित हुए। गले मिलकर प्रभु यीशु के जन्म की बधाइयां दी जा रही हैं, तो कई लोगों ने फादर को उपहार भेंट किए।
सेंटा ने बांटे बच्चों को उपहार
क्रिसमस के पर्व पर सेंटा क्लॉज ने बच्चों को उपहार बांटे। इस दौरान रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सेंटा का रूप रखकर चर्चों मेंं लोग पहुंचे और बच्चों को उपहार दिए।
क्षमा मांगकर करें दान
हे प्रभु हम सब आपके बच्चे हैं, जाने- अनजाने मेंंं हुईं गलतियों को क्षमा करो और अपनी कृपा बनाए रखो। यह सुनने को गिरजाघरों में मिला। प्रार्थना सभा में फादर ने प्रभु यीशु के जन्म पर आधारित बातों को बताया और उनके बताए हुए मार्ग का अनुशरण करने की बात भी कही।