शीतलहर से परेशान लोगों को सर्दी से मिली कुछ राहत

Dec 23 2019

 ग्वालियर। पिछले पांच दिन से लगातार सूर्य देवता मेहरबान होकर अपना आशीर्वाद दे रहे हैं। इसके प्रभाव से शीतलहर से परेशान लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिल रही है। हालांकि सुबह व शाम के समय ठंडी हवाओं ने लोगों को कुछ परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह रहने का अनुमान है।
पिछले सप्ताह की शुरुआत से ठंड ने शहर के लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था। पूरे सप्ताह लोगों को ठीक से धूप के दर्शन नहीं हुए। आसमान में हल्के बादल छाए रहने व धुंध छाई रहने के कारण तापमान में भी काफी गिरवाट आ गई थी। सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सिसय तक पहुंच गया था। गत दिवस दिन के समय हल्की धूप निकली थी, लेकिन उससे ठंड से कोई राहत नहीं मिल पाई थी। दिन में जगह-जगह लोग धूप में बैठे खुद को गर्म रखने की कोशिश करते नजर आए। हालांकि दिन भी हल्की हवा चलती रही। सुबह व शाम के समय हवा ठंडी होने के कारण ठंड ने लोगों को कुछ परेशान किया। आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है।