किशोरी ने तेजाब पीकर दी जान

Dec 23 2019

ग्वालियर। पड़ोसी युवक की पत्नी द्वारा बेइज्जत करने पर नाराज किशोरी ने खुद को अपमानित महसूस कर तेजाब गटक लिया। किशोरी के तेजाब पीने का पता चलते ही परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र के रामकुई की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पड़ताल में पता चला है कि किशोरी शादीशुदा पड़ोसी से प्रेम करती थी और इसी के चलते उसने तेजाब गटका था। 
इंदरगंज थाना क्षेत्र के रामकुई निवासी सत्रह वर्षीय किशोरी छात्रा है और बारहवीं कक्षा में पढ़ती है। उसका प्रेम प्रसंग पास ही रहने वाले अजय नामक युवक से चल रहा था। जब इसका पता अजय की पत्नी को चला तो वह विरोध करते हुए किशोरी के घर जा पहुंची और वहां पर किशोरी को बेइज्जत कर दिया, बेइज्जती से आहत होकर किशोरी ने घर में रखा तेजाब गटक लिया। इसका पता उस समय चला जब किशोरी की हालत बिगड़ी तो परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर उपचार के दौरान रात को उसने दम तोड़ दिया। किशोरी की मौत का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को निगरानी में लेकर पीएम हाउस पहुंचाया। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द किया। 
मृतका के परिजनों ने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए बताया कि दो माह पहले किशोरी ने तेजाब गटका था, उसी समय उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन पुलिस मिलीभगत के कारण उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। 
मृतका ने अपनी कहानी एक अखबार के फटे पेज के हिस्से पर लिखी। जिसमें उसने लिखा है कि मंै बहुत प्यार करती थी और उससे शादी करना चाहती थी लेकिन वह उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। उसकी पत्नी को पता चल गया। सुसाइड नोट में उसने किसी को तेजाब पीने के लिए दोषी नहीं लिखा है।