आधा सैकड़ा रांग साइड आये वाहन चालकों के चालान किये

Dec 22 2019

ग्वालियर। बगैर हेलमेट, रांग साइड मोबाइल पर बात करते हुए आ रहे बाइक सवार को जब ट्रैफिक पुलिस ने रोका तो उसने विधायक का रौब दिखाते हुए पुलिस जवानों को घुड़की दी। विधायक का नाम सुनते ही जवान सहम गए और बाइक सवार को चेकिंग कर रहे अफसर के पास भेज दिया। अफसर ने जब विधायक से बात कराने को कहा तो बाइक सवार की सिटीपिटी गुम हो गई और वह चालान कटाने को कहने लगा। मामला समझ में आते ही अफसर भी उससे बात कराने पर अड़ गए, तो बाइक सवार माफी मांगने लगा और अपना चालान करा कर चला गया। मात्र तीस मिनट में ही पुलिस ने रांग साइड, तीन सवारी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर आधा सैकड़ा चालान कर जुर्माना राशि वसूली।
पुलिस कप्तान नवनीत भसीन ने इंदरगंज चौराहे पर रोजाना लग रहे जाम से मुक्ति के लिए डीएसपी यातायात नरेश अन्नोटिया व सूबेदार प्रदीप रघुवंशी को निर्देशित किया। कप्तान का निर्देश मिलते ही सूबेदार बल के साथ इंदरगंज चौराहे पर पहुंचे और जाम लगने का कारण तलाश रहे थे कि तभी एक बाइक सवार रांग साइड, बगैर हेलमेट और मोबाइल पर बात करता हुआ आता दिखाई दिया। इस पर साथ आए जवानों को बाइक सवारं को रोकने का निर्देश दिया। प्रभारी का निर्देश मिलते ही जवानों ने बाइक सवार को रोका तो युवक बाइक रोकते ही मोबाइल पर बात करते हुए उनके पास पहुंचा और विधायक के नाम की धमकी दे दी। धमकी सुनते ही जवानों ने बाइक सवार को डीएसपी नरेश अन्नोटिया और सूबेदार प्रदीप रघुवंशी के पास भेज दिया। विधायक का नाम सुनते ही सूबेदार ने भी उसकी गलतिया बताने के लिए विधायक से बात कराने को कहा, तो बाइक सवार घबराने लगा और इतना सुनते ही युवक चालान कटाने की कहने लगा। इसके बाद युवक ने माफी मांगी और बताया कि वह चालान से बचने के लिए विधायक का नाम ले रहा था। जिस पर पुलिस जवानों ने उसका चालान काट कर जुर्माना राशि वसूल की।  इसके बाद पुलिस ने वहां पर रांग साइड आने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की और मात्र तीस मिनट में आधा सैकड़ा वाहनों के चालान कर दिए। 
डीएसपी नरेश अन्नौटिया ने बताया कि रांग साइड और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान रोजाना चलेगा। क्योंकि मोबाइल पर बात करने के कारण रोजाना हादसे होते हैं और लोगों की जान पर बन आती है।