सर्दी के साथ शहर में कोहरा छाया

Dec 19 2019

ग्वालियर। तीन दिन से लगातार गिरता पारा गुरुवार को सुबह मात्र 5.2 डिग्री सेल्सियस रह गया। यह सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम था। देर रात से अपना स्थान बनाते हुए कोहरे ने सुबह तक पूरे शहर पर कब्जा जमा लिया। सुबह हालात यह थे कि कोहरे के कारण कुछ फासले का सीन भी दिखाई नहीं दे रहा था। भले ही इस डरावने मौसम के कारण लोग घर से बाहर नहीं निकले, लेकिन सर्दी ने पीछा नहीं छोड़ा और घर के भीतर घुसकर वार किया। इन हालात में गर्म कपड़े तो सर्दी से बचाने में नाकाम रहे, अलाव की आग भी कुछ ज्यादा राहत नहीं देे पा रही। वहीं मौसम विभाग ने जिस तरह के संकेत दिए हैं, वह बेहद डराने वाले हैं। पारा और गिरेगा और तीन दिन तक ठंड से किसी भी तरह की रियायत नहीं मिलेगी।
तेज ठंड का असर चौतरफा दिखाई दे रहा है, जहां सुबह से सड़कों पर सन्नाटा सा पसरा रहा, वहीं बाजारों में दुकानों के ताले भी 12 बजे के बाद ही खुले। सबसे अधिक परेशानी ठेले, ऑटो और टे पो वालों को उठाना पड़ रही है, इन्हें भरी ठंड के बावजूद भी रात और अलसुबह से काम पर आना मजबूरी है। इसके बावजूद भी इन्हे सवारी नहीं मिल पा रही, क्योंकि लोग घरों से नहीं निकल रहे। उधर सड़कों पर घूमने वाले आवारा जानवर भी यहां वहां छिपकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि इस समय शहर के मौसम पर तीन तरफा मार है। जमू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड की बर्फबारी एक साथ प्रभाव डाल रहीं हैं, वहीं नॉर्थ-ईस्ट हवा गलाव पैदा कर परेशानी और बढ़ा रही है। गुरुवार को भले ही सूरज ने दोपहर को दर्शन दे दिए थे, लेकिन इसकी तपिश बेहद कम थी, जिससे किसी भी इस तरह की राहत नहीं मिली, वहीं गुरुवार को धूप की संभावना से ही मौसम के जानकार साफ इनकार कर रहे हैं।