ग्वालियर शीतलहर की चपेट में, बाजारों में सन्नाटा

Dec 17 2019

ग्वालियर। तेज शीतलहर और कोहरे की वजह से लोग घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। ऐसे में सुबह से सड़कों पर सन्नाटा रहा। धूप न निकलने के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकले। दोपहर 12 बजे हल्की धूप निकली तब जाकर जनजीवन पटरी पर लौटा।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में पहाड़ी क्षेत्रों में जबरदस्त बर्फबारी के साथ अब मैदानी इलाकों में हुई बारिश के बाद सर्दी बढ़ी है। मौसम विभाग ने यह कहा कि अभी ठंड और बढ़ेगी। सर्द हवाओं के चलते बाजारों में सन्नाटा रहा,वहीं चाय के स्टालों पर भीड़ देखी गई। आज ग्वालियर का न्यूतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हाड़ कंपाने वाली सर्दी को देखते हुये कलेक्टर अनुराग चौधरी ने स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है। जिसके चलते सुबह 9 बजे से पहले और शाम 4 बजे के बाद स्कूल संचालित नहीं हो सकेंगे।