अगले दिन में बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड

Dec 09 2019

ग्वालियर। दिसंबर माह का दूसार सप्ताह भी खत्म हो चला, लेकिन सर्दी का विकराल स्वरुप अब तक सामने नहीं आया है। मौसम के जानकारों का कहना है कि हवा की गति धीमी होने के कारण अलसुबह कोहरा और फिर धुंध की चादर ने शहर को अपने आगोश में ले रखा है, सुबह, शाम और रात को जरूर ठंड कंपाने में सफल हो रही हो, लेकिन दोपहर को इसका प्रभाव ज्यादा नहीं रहता। जबकि बीती साल इस वक्त शहर पूरी तरह से कोहरे और शीतलहर की चपेट में था। यह हालात अभी 12 दिसंबर तक रहने वाले हैं,  इसके बाद बारिश और फिर जोरदार ठंड ठिठुराकर रख देगी। हालांकि पारे में अब गिरावट शुरू हो गई है औ सोमवार को न्यूनतम पारा 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा। फिर भी यह सामान्य से 12 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।  
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी हवा का वेग अभी धीमा है, इसमें  यदि तेजी आती है तो फिर धुंध छंट जाएगी और कोहरा जगह बना लेगा। पिलहाल ठंड का अहसास केवल उत्तर पूर्वी हवा के कारण है, पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी भी कंपाने का काम कर रही है, लेकिन अब अरब सागर में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस बन रहा है जो 13 दिसंबर तक सक्रिय हो जायेगा। इसके प्रभाव से शहर में बरसात और मावट की प्रबल संभावना है। तब तापमान बेहद कम हो जाएगा और जबरदस्त ठंड परेशानी का सबब बनेगी।