पारा बढऩे से सर्दी ने फिर कंपाया

Dec 06 2019

ग्वालियर। राजस्थान में बने सिस्टम ने एक बार फिर शहर के मौसम को प्रभावित किया है। आसमान पर रात से छाए बादलों के कारण न्यूनतम पारे में 0.9 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी दर्ज हुई। इन हालात में जिस वक्त पारा गिरना चाहिए इजाफे की स्थिति बन रही है। वहीं अधिकतम पारे में 1.7 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ। इसके बावजूद भी ठंड ने कंपाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पांच किलोमीटर प्रतिघंटा के वेग से चल रही सर्द हवा परेशानी का कारण बनी रही, वहीं बादल छाए रहने तक पारा और बढ़ सकता है। ऐसे में दोपहर के वक्त धूप सेंक कर लोग राहत महसूस की।
मौसम विभाग का कहना है कि दिसंबर माह में अंचल घने कोहरे की चपेट में आ जाता है, लेकिन इस बार राजस्थान में हर कुछ दिन बाद ऊपरी चक्रवात व सिस्टम बन जाने के कारण बादल खत्म नहीं हो पा रहे जिसके चलते कोहरा अपना प्रभाव नहीं दिखा पा रहा। बादलों की परतें इन्हे जमीन तक पहुंचने से रोक रहीं हैं। यह हालात सात दिन तक बने रह सकते हैं। इस बीच हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना मौसम विभाग जता रहा है। उधर कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि ओस गिरना बेहद जरूरी है अन्यथा इसका विपरीत असर आने वाली फसल पर पड़ सकता है।