ठण्डी हवा चली, अब बढ़ेगी ठंड

Dec 01 2019

ग्वालियर। हवा का रुख बदलने से वातावरण में सिहरन बढ़ गई है। रविवार से ठंड में इजाफा होने से लोग अब परेशानी महसूस करने लगे है। मौसम विभाग के मुताबिक अब रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना है। दो-तीन दिन में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्रीसे. तक की गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान पर बने ऊपरी हवा के चक्रवात के कारण पिछले 3-4 दिन से हवा का रुख बदला हुआ था। दक्षिणी हवा चलने से वातावरण में नमी बढ़ रही थी। जिसके चलते शुक्रवार को ग्वालियर-चंबल संभाग में कुछ स्थानों पर बरसात भी हुई।
मौसम विभाग का यह भी कहना है कि राजस्थान पर बना सिस्टम हरियाणा की तरफ खिसक गया है। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के असर से बना प्रति चक्रवात भी कमजोर पड़ गया है। इस वजह से शनिवार से हवा का रुख उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हो गया है। इससे वातावरण में सिहरन बढऩा शुरू हो गई है। हाल ही में उत्तर भारत में बर्फबारी के साथ ही बरसात भी हुई है, इस वजह से वहां से आने वाली सर्द हवाओं से ठंड बढ़ेगी।