मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला

Nov 30 2019

ग्वालियर। शहर व देहात क्षेत्रों में हुई बूंदाबांदी के बाद न्यूनतम पारा बढने के बाद रात में राजस्थान से आ रही सर्द हवा ने सिहरन का अहसास कराया, जिससे मौसम का मिजाज शहर में पूरी तरह बदला दिख रहा है। अचानक मौसम में आए परिवर्तन के बाद मौसमी बीमारियों ने शहरवासियों को अपनी गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया है। अलसुबह से गहरी धूंध व आसमान में छाए बादलों की वजह से शहरवासी ठंड का अहसास करते दिखे। सुबह से छाए धुंध व चल रही हवा के चलते सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों की संख्या भी कम रही। मौसम विभाग के अनुसार सिस्टम का असर खत्म होते ही सर्दी बढ़ेगी।
जब शहरवासी घरों से बाहर निकले तो आसमान में कुहासा छाया हुआ था। कुहासे का असर इतना अधिक था कि लोगों को अपने वाहनों की हेड लाइट तक जलानी पड़ी। कुहासे का सबसे अधिक असर रेसकोर्स मार्ग व शहर के बाहर से गुजरने वाले हाइवे पर खासा दिखा। वहीं मॉर्निंग वॉक पर पहुंचने वालों की संख्या भी काफी कम रही। न्यूनतम पारा 14.2 डिग्री दर्ज किया गया वहीं चल रही उत्तरी हवा के चलते पारे की चाल 10 डिग्री लगने से सुबह लोग ऊनी कपड़े पहनकर ही घरों से बाहर निकले।