दरवाजे पर पत्थर डालने पर दो पक्षों में विवाद, फायरिंग

Nov 30 2019

ग्वालियर। दरवाजे पर पत्थर डालने पर दो पक्षों में विवाद और फायरिंग हो गई। फायरिंग में दोनों पक्षों से एक-एक घायल हो गया। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव में शनिवार की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर गोली मारने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव निवासी आसिफ खान (20) पुत्र इकलास खान प्रायवेट जॉब करता है। वह घर से ड्यूटी जाने के लिए निकला था, तभी उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया और वह पेट्रोल लेने के लिए जा रहा था। अभी वह कुछ ही दूर पर पहुंचा था कि तभी सामने से आ रहे मामा रहमान उर्फ नंदू ने उसे घेर लिया और उस पर कट्टे से फायर ठोक दिया। अचानक हुई फायरिंग को देखकर आसिफ बचने के लिए जमीन पर लेट गया, तभी एक गोली आसिफ के सीने से लगती हुई निकली, जिससे वह घायल हो गया। वहीं गोली लगने से रहमान भी घायल हो गया और उसका कहना था कि उसे आसिफ ने गोली मारी है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद घायलों को डायल 100 से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। 
बताया गया है कि कुछ दिन पहले आसिफ ने रास्ते में पत्थर लगा दिए थे, जिससे रहमान घायल हो गया था और उनके बीच विवाद हुआ था, उस समय तो विवाद शांत हो गया था, लेकिन आज दोनों ही पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग कर दी।