निगमायुक्त के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लायेंगे भाजपा पार्षद

Nov 29 2019

ग्वालियर। नगर निगम के आयुक्त संदीप माकिन के खिलाफ भाजपा के पार्षद अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर चुके हैं। पिछले एक महीने से पूरी तरह मन बना चुके पार्षदों का अब उनके पार्टी के जिलाध्यक्ष ने भी साथ दे दिया है। अब यह स्पष्ट हो चुका है कि महापौर के हटने के बाद परेशानी झेल रहे भाजपा के पार्षदों का साथ देने के लिए पार्टी भी मैदान में आ चुकी है।
 पिछले एक महीने से अविश्वास प्रस्ताव लाने की कोशिश कर रहे पार्षदों को उनके अपने सभापति ही रोक रहे थे। सभापति राकेश माहौर की उदासी के चलते अभी तक निंदा प्रस्ताव परिषद में पेश नहीं हो पा रहा था। इससे नाराज पार्षदों ने यह बात अपनी पार्टी संगठन को बताई। जिसे गंभीरता से लेते हुए जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने शुक्रवार को सभी पार्षदों की बैठक बुलाई। इसमें सर्व सम्मति से निगम अधिकारियों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर सहमति दी। कुछ पार्षदों के बैठक में शामिल नहीं हो पाने की वजह से शनिवार को एक बार फिर बैठक होगी और सर्व सम्मति सोमवार को परिषद में निगमायुक्त के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया जायेगा। 
पार्षद लगातार निगम अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। जबसे महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने अपना पद छोड़ा है तब से भाजपा के पार्षद बेहद कमजोर हो गये हैं। निगमायुक्त बदले राजनैतिक माहौल में सिर्फ कांग्रेस के विधायक और मंत्रियों की बात सुन रहे हैं। इसको लेकर पिछले माह भी पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी की थी। मगर कांग्रेस के पार्षदों ने उनकी हवा निकाल दी थी। वहीं सभापति राकेश माहौर जो भाजपा के हैं। मगर निगमायुक्त की मदद करते हैं। वे अविश्वास प्रस्ताव लाना नहीं चाह रहे थे। ऐसे में यह प्रस्ताव लटक रहा था। 
जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा का कहना है हमारे पार्षद लंबे समय से निगमायुक्त और निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं मगर निगमायुक्त जानबूझकर पार्षदों को अनसुना कर रहे हैं और कांग्रेस के विधायक व मंत्रियों के कहने पर विकास कार्यों में रुकावट पैदा कर रहे हैं।