बारिश से ठण्ड बढ़ी

Nov 29 2019

ग्वालियर। राजस्थान व आसपास के क्षेत्रों में बन रहे ऊपरी चक्रवात के चलते 12 घंटे में मौसम पूरी तरह बदल गया। देर रात से चली तेज ठंडी हवा के बाद सुबह से छाए बादलों ने बारिश को अंजाम दे दिया, जिसने अब तक ठंड से राहत महसूस कर रहे शहरवासियों को कंपा कर रख दिया, हालांकि बादलों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज नहीं हुई। वहीं आने वाले 24 घंटे तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है, जिससे सर्दी का अहसास और बढ़ेगा। मौसम के इस परिवर्तन ने दिनचर्या भी ठप करके रख दी।
मौसम विभाग का कहना है कि हालांकि अब तक शहर का मौसम पूरी तरह बदल जाना था, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के चलते अब तक सर्दी अपना प्रभाव कायम नहीं कर पाई है। वहीं अगले 24 घंटे में 10 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा का संचलन जारी रहेगा, रुक-रुककर पानी भी गिरेगा। उधर उत्तराखंड में जारी बर्फ बारी के साथ ही उत्तरी हवायें लगातार प्रभाव डालेंगी, जिससे ठंड का असर बढ़ जाएगा।