ग्वालियर की पहचान बना भारत विकास परिषद का राष्ट्रगान - प्रवीण

Nov 29 2019

ग्वालियर। जीवाजी चौक पर 15 माह से प्रतिदिन हो रहा राष्ट्रगान ग्वालियर की एक पहचान बन चुका है और शीघ्र यह अंचल में फैलकर म.प्र. में गाया जायेगा। यह बात भारत विकास परिषद की समर्पण शाखा द्बारा 15 माह से निरंतर प्रात: 8.30 बजे महाराज बाड़े पर गाये जाने वाले राष्ट्रीय गान में शामिल होकर चेम्बर के मानसेवी सचिव एवं ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कही। 
उल्लेखनीय है कि इसकी शुरुआत अभिभाषक अरविन्द दूदावत ने लगभग 15 माह पूर्व की थी जो आज भी निरंतर जारी है। ठीक 8.30 बजे यह राष्ट्रगान प्रारंभ होता है और उस समय महाराज बाड़ा क्षेत्र में जो जहां होता है वह वहां रूक जाता है सभी मिलकर यह राष्ट्रगान गाते हैं और फिर भारत माता की जयकारे के साथ इसका समापन होता है। यहां यह भी गौरतलब है कि एक 5 वर्ष का नन्हा बालक विराट धाकरे प्रतिदिन इसमें पिछले कुछ माहों से नियमित रूप से भाग ले रहा है।
इस अवसर पर आज गिरीश अग्रवाल, संजय धवन, हीरालाल जैन, संजय श्रीवास्तव, गुलाब सिंह प्रजापति,  महेश धीमान, राकेश खरे, अनूप गुप्ता, चिरौंजीलाल जैन, अजय ठाकरे, संजय प्रजापति आदि उपस्थित थे।