संग्रहालय के वैष्विक प्रचार प्रसार के लिए इंटरनेट पर बनाएं बेवपेज: विधायक श्री पाठक

Nov 28 2019

 


ग्वालियर  28 नवम्बर   नगर निगम द्वारा संचालित संग्रहालय में बहुत ही ऐतिहासिक व ज्ञानवर्धन धरोहरों का संग्रहण है, जिससे अध्ययन करने वाले छात्र छात्राओं को परिचित होना आवश्यक है। इसलिए इस संग्रहालय का और अधिक प्रचार प्रसार करने की आवश्यकता है। उक्ताशय के निर्देेश ग्वालियर दक्षिण क्षेत्र के विधायक श्री प्रवीण पाठक ने गुरुवार को संग्रहालय के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन, अपर आयुक्त श्री दिनेश शुक्ला, सिटी प्लानर श्री प्रदीप वर्मा, नोडल अधिकारी संग्रहालय श्री राकेश मिततल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
      मोतीमहल स्थित निगम संग्रहालय में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के समय के हथियार व अन्य आवश्यक धरोहर सहित अन्य कई प्रकार की ऐतिहासिक वस्तुएं सहेजकर आमजनों के अवलोकनार्थ रखे गए हैं। संग्रहालय का निरीक्षण करते समय विधायक श्री प्रवीण पाठक ने संग्रहालय की सराहना करते हुए कहा कि यहां बहुत ही महत्वपूर्ण व ऐतिहासिक वस्तुओं का संग्रहण है, इन्हें संरक्षित करने के लिए और आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं तथा वैश्विक स्तर पर इस संग्रहालय के प्रचार प्रसार के लिए इंटरनेट पर बेब पेज भी बनाया जाए जिससे दुनियाभर के नागरिकों इस संग्रहालय से आवश्यक जानकारियां प्राप्त कर सकें जिससे इसका प्रचार प्रसार व्यापक रुप से हो सके। इस अवसर पर निगमायुक्त श्री माकिन ने संग्रहालय की विभिन्न धरोहरों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।