युवती ने ट्रेन से कटकर दी जान

Nov 27 2019

ग्वालियर। बुधवार की सुबह ताज साइडिंग के पास मैनट्रैक पर एक युवती ने किसी अज्ञात ट्रेन से कटकर जान दे दी। गैंगमैन व रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रहे राहगीरों ने शव पड़ा होने की सूचना जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना देकर शव को पीएम के लिए डैड हाउस भेजकर इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है। वहीं युवती के मैन ट्रैक पर शव पड़ा होने के कारण आगरा से आने वाली आधा दर्जन ट्रेनों को बिरला नगर व रायरू स्टेशन पर रोके रखा गया।
जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह रेल ट्रैक पर गश्त कर रहे गैंगमैन हाकिम सिंह व राहगीरों ने सूचना दी कि अप रेल ट्रैक पर एक युवती का शव पड़ा है। युवती ने किसी अज्ञात ट्रेन से कटकर जान दी है। शव पड़ा होने की सूचना पर मौके पर पहुंचे आरपीएफ के एसआई आर के वैद्य ने गैंगमैन हाकिम सिंह व अन्य राहगीरों की मदद से युवती के शव को साइड में रखवाया। मृतका के शव को आरपीएफ ने अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी के सुपुर्द कर दिया।
शव मैन ट्रैक पर पड़ा होने के कारण आगरा से ग्वालियर आ रही आधा दर्जन ट्रेनों को पिछले स्टेशनों पर रोके रखा गया। शव के कारण बीस मिनट तक अप ट्रैक पर रेलों का परिचालन पूरी तरह से प्रभावित रहा। न्यू कॉलोनी बिरला नगर नंबर एक की है रहने वाली मृतका है। पड़ताल में पता चला है कि मृतका युवती का नाम सोनाली पाठक उम्र बीस साल पिता मैथिली पाठक है, बुधवार सुबह घर से बाहर जाने की बात कहकर सोनाली निकली थी और कांच मिल से गुजरने वाले रेल ट्रैक पर जा पहुंची और ट्रेन से कटकर जान दे दी। युवती ने आत्महत्या किन कारणों के चलते की है इसकी जानकारी परिजनों को भी नहीं है। फिलहाल जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए डैड हाउस भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।