उच्च शिक्षा मंत्री ने छात्राओं से उनके भविष्य की रणनीति एवं योजनाओं पर किया संवाद
Nov 23 2019
ग्वालियर। खेल एवं युवा कल्याण तथा उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि विश्व बैंक के सहयोग से 200 महाविद्यालयों में 3 हजार करोड रूपए खर्च कर उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके तहत छात्र-छात्राओं के लिए स्मार्ट कक्षाएं एवं प्रयोग शालाओं के साथ-साथ उनकी रूचि एवं रूझान के अनुरूप स्वरोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण भी दिये जाएंगे।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री पटवारी शनिवार को शासकीय कमलाराजा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय ग्वालियर में आयोजित युवा संवाद एवं प्रतिभाशाली छात्राओं के सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में विधायक प्रवीण पाठक, विधायक कुणाल चौधरी, कलेक्टर अनुराग चौधरी, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, जिला पंचायत के मुख्यकार्यपालन अधिकारी शिवम वर्मा, महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मंजू द्विवेदी, महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्यगण तथा महाविद्यालय के प्राध्यापकगण सहित छात्राएं उपस्थित थीं।
उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने छात्राओं से युवा संवाद के माध्यम से छात्राओं के भविष्य की रणनीति एवं योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में कमलनाथ सरकार द्वारा महाविद्यालयों में पढने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं मिलें इसके लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होने कहा कि महाविद्यालय की शिक्षा के पाठ्यक्रम में रोजगारोन्मुखी शिक्षा देने के साथ-साथ खेलों को भी शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानवता को ध्यान में रखते हुए हम एक अच्छे इंसान बनकर गरीब एवं जरूरतमंद की मदद करें। उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वे राजनीति के प्रति अपनी सोच में बदलाव लाते हुए राजनीति के क्षेत्र में आकर लोगों की सेवा करें।
श्री पटवारी ने कहा कि म.प्र. सरकार महाविद्यालयों में विभिन्न विषयों में होने वाले अनुसंधान पर विशेष ध्यान दे रही है। म.प्र. सरकार की योजना के तहत विभिन्न परीक्षाओं में बेहतर अंक पाने वाले विद्यार्थियों के लिए दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों के कैंपस में खाली समय में निजी प्रतियोगी कोचिंग संस्थानों के शिक्षकों का सहयोग लेकर छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग की तैयारी कराये जाने पर शासन विचार कर रहा है।
श्री पटवारी ने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु संभाग स्तर पर जन अदालत का आयोजन कर एक ही स्वरूप के प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही की जाएगी। संभाग स्तर पर इन प्रकरणों का निराकरण ना होने की स्थिति में उनका निराकरण प्रदेश स्तर पर आयोजित जन अदालत के माध्यम से किया जाएगा। उन्होने बताया कि मध्यप्रदेश एक ऐसा पहला राज्य हैं जहां आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का कदम उठाया गया है। जिसकी शुरूआत उच्च शिक्षा विभाग में शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग के माध्यम से 3 हजार रिक्त पदों की पूर्ति की जाएगी जिसमें उच्च शिक्षा विभाग में 500 पदों पर सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति होगी।
जीतू पटवारी ने इस मौंके पर विश्व बैंक के सहयोग से महाविद्यालय में स्पोर्ट कॉम्पलेक्स (ऑटोटोरियम) ई- भाषा लैब, लॉ भवन में फर्नीचर, चित्रकला भवन के जीर्णोद्धार कराये जाने की बात कही। कार्यक्रम को विधायक प्रवीण पाठक ने संबोधित करते हुए महाविद्यालय की समस्याओं से अवगत कराया उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय का प्रदेश में एक अलग नाम है। इस महाविद्यालय में एक साथ 11 हजार 500 छात्राएं अध्ययन करती हैं। छात्राओं को स्वरोजगार से जोडने हेतु स्वरोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही फ्रेंच एवं रसियन भाषा के अध्ययन की भी व्यवस्था हो।
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने कार्यक्रम में बताया कि ग्वालियर में शा.उत्कृष्ट विधालय मुरार क्र.-1 में 100 गरीब प्रतिभाशाली बच्चों के लिए आईआईटी एवं पीएमटी की कोचिंग की नि:शुल्क संचालित की जा रही हैं। इस कोचिंग में विभिन्न कोचिंग संस्थानों के विशेषज्ञों एवं विद्यालय के शिक्षकों द्वारा अध्यापन कर तैयारी कराई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने कहा कि छात्राएं अपना उच्च लक्ष्य तय कर अपनी पढाई करें। उन्होंने यातायात के नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी छात्रा को किसी प्रकार की परेशानी होने पर 100 नंबर पर तत्काल फोन करें। उनकी मदद के लिए तत्काल पुलिस पहुंचेगी। उन्होंने छात्राओं से कहा कि छेडखानी होने पर तत्काल उसका स्मार्ट फोन से फोटो लेकर हेल्प लाईन पर भेजें जिससे संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध तत्काल कार्यवाही की जा सकेगी। कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती मंजू द्विवेदी ने महाविद्यालय की समस्याओं से अवगत कराया।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









