शहर में ठंड बढ़ी, पारा गिरा

Nov 22 2019

ग्वालियर। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही हल्की बर्फवारी और उत्तर से आ रही ठंडी हवा ने शहर में सुबह से ठंड का अहसास कराया। वहीं घनी धुंध के कारण दिनचर्या दो से तीन घंटे देर से शुरू हो सकी। मौसम विभाग का कहना है कि अब सर्दी का असर लगातार बढ़ेगा। उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी शहर के मौसम को लगातर प्रभावित करेगी। वहीं बादल भी छाए रहेंगे। शुक्रवार को हवा का वेग 5 किलोमीटर प्रतिघंटा रहा। जिसके चलते लोग घर से जल्दी निकलने का साहस नहीं जुटा सके। ऐसे में दस बजे तक भी शहर की सडक़ों और बाजारों में गहमा गहमा दिखाई नहीं दी।
मौसम विभाग का कहना है कि अब पारा लगातार गिरेगा, इसके साथ ही सुबह और शाम के साथ दोपहर में भी तेज ठंड लगेगी। वहीं शीत लहर भी जगह बना लेगी। अब धुंध छटेगी और कोहरे का सामना करना पड़ेगा। शुक्रवार को सुबह पारा 13 डिग्री सेल्सियस रहा। साढ़े आठ बजे यह 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं 11 बजे पारा 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रता 89 प्रतिशत रही जो कि सामान्य से 24 प्रतिशत अधिक थी। न्यूनतम पारे में सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस गिरावट रही।