दोस्ती न करने पर छात्रा के फोटो वायरल किये क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी पकड़ा

Nov 21 2019

ग्वालियर। छात्रा को बदनाम करने के लिए अश्लील फोटो वायरल कर रहे आरोपी को क्राइम ब्रांच ने पकड़ लिया है। पकड़ा गया आरोपी छात्रा का दोस्त निकला है। पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 
क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी दामोदर गुप्ता ने बताया कि कुछ दिन पहले मुरार निवासी बीस वर्षीय छात्रा ने पुलिस कप्तान नवनीत भसीन से शिकायत की थी कि उसके नाम से किसी ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाई है और उसे बदनाम करने के लिए उसके अश्लील फोटो डाल रहा है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच की सायबर सेल को सौंपी। जांच मिलते ही क्राइम ब्रांच एसआई धर्मेन्द्र शर्मा और हरेन्द्र सिंह, आरक्षक शिवा, शिवशंकर, सुमित भदौरिया, ओमशंकर, लोकेन्द्र राणा, सुनीता कुशवाह, राजकुमारी ने सबसे पहले फर्जी फेसबुक आईडी ब्लॉक करा कर आरोपी की तलाश की और आईपी एड्रेस के आधार पर मुरार निवासी रामबरन यादव पुत्र अजीत यादव को पकड़ लिया। 
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि छात्रा तथा वह दोस्त हंै और एक दिन छात्रा के मोबाइल से उसनेे फोटो अपने मोबाइल में ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद उसने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर फोटो वायरल किए और इसकी जानकारी भी उसी ने छात्रा को दी, जिससे वह उसे अपना हितैषी समझे और उससे प्रेम करने लगे। उसने छात्रा को भरोसा दिलाया था कि वह फोटो वायरल करने वाले को पकड़ लेगा और वह इसकी शिकायत किसी से ना करे, लेकिन छात्रा ने उसकी शिकायत क्राइम ब्रांच में की और वह पकड़ा गया।