यात्री वाहनों की फिटनेस व चालकों के लायसेंस सस्पेंड किये

Nov 21 2019

ग्वालियर। ये क्या तरीका है यात्री वाहन को चलाने का। आप लोगों को कतई परवाह नहीं है। आपकी लापरवाही से हवा में जहर मिल रहा है। यह बात गुरूवार को आरटीओ प्रमुख, प्रदूषण विभाग के अधिकारी और यातायात के अधिकारी चैकि ंग के दौरान वाहन चालकों से समझाइस के लहजे में कहते दिखाई दिए। 
तीनों विभागों की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कई प्रमुख स्थानों पर यात्री वाहन पियाजो, विक्रम को रोककर उन्हें प्रदूषण मापन यंत्र से मापा गया तो वे मानक स्तर से कहीं ज्यादा काला धुआं छोड़ते दिखाई दिए। वहीं महाराज बाड़ा पर भी कई वाहन चालकों के वाहनों को जांचा गया तो वे भी प्रदूषण को बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रहे थे। ऐसे लगभग 40 के करीब यात्री वाहनों की फिटनेस निरस्त की गई, और उन पर जुर्माना भी लगाया गया। वहीं बिना हेलमेट और कागज पूरा न होने पर भी एक दर्जन से ज्यादा वाहन चालकों के ड्रायविंग लायसेंस सस्पेंड किए गए।
संयुक्त कार्रवाई में यातायात पुलिस को कई डीजल विक्रम वाहन मिले जो दस वर्ष से सडक़ों पर दौड़ रहे थे। तीनों विभाग के अधिकारियों ने डीजल वाहन का प्रदूषण स्तर जांचा तो उसने इतना काला धुआं छोड़ा कि मशीन ने उच्च स्तर का प्रदूषण हवा में घुलना बताया।