शहर को बेहतर बनाने के लिए जनप्रतिनिधि और अधिकारी उतरें मैदान में-सिंधिया

Nov 20 2019

ग्वालियर। शहर के विकास के लिए चल रहीं परियोजनाओं को तेजी के साथ पूरा करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के साथ-साथ जन प्रतिनिधि भी स्वच्छता अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी करें। पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शहर विकास की बैठक में यह बात कही । 
शहर विकास के लिए चल रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ शहर में नए कार्यों के संबंध में भी बैठक में विस्तार से चर्चा कर निर्णय लिए गए। बैठक में श्रीमती इमरती देवी, मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, मुन्नालाल गोयल, प्रवीण पाठक, कलेक्टर अनुराग चौधरी, नवनीत भसीन, संदीप माकिन, देवेन्द्र शर्मा, मोहन सिंह राठौर, कृष्णराव दीक्षित, सुनील शर्मा  सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। 
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर के विकास के लिए शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाना आवश्यक है। इसके लिए कलेक्टर, एसपी, नगर निगम आयुक्त सहित सभी अधिकारी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जवाबदारी का विकेन्द्रीयकरण करते हुए एक-एक क्षेत्र को चिन्हित कर स्वच्छता के कार्य को कराने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम बनाएं। स्वच्छता के लिए सभी को अपनी सक्रिय भागीदारी निभाना आवश्यक है। 
नगर निगम द्वारा स्वच्छता के लिए शासन स्तर से विभिन्न संसाधनों के लिए 34 करोड़ रूपए की मांग का जो प्रस्ताव भेजा गया है उसे शासन स्तर से स्वीकृत कराने का कार्य भी तत्परता से किया जायेगा। सिंधिया ने यह भी कहा है कि ग्वालियर में पॉलीथिन को बैन करने का जो आदेश किया गया है उसका सख्ती से पालन भी सनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही शहर से डेयरियों को बाहर करने के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम तैयार कर डेयरियों को शिफ्ट करने की कार्रवाई नगर निगम और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से करे। 
अमृत परियोजना के कार्यों की समीक्षा 
सिंधिया ने बैठक में अमृत परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शहर में परियोजना के तहत पानी की टंकियों का निर्माण, ट्रीटमेंट प्लांट तथा लाईन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में शहर में पेयजल स्टोर क्षमता, वितरण व्यवस्था तथा परियोजना के पश्चात की स्थिति के संबंध में विस्तृत स्थिति का प्लान तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि परियोजना में होने वाले लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि परियोजना के तहत कार्य के लिए जो समय-सीमा निर्धारित की गई है, उसके अनुसार ही कार्य पूर्ण हों, यह भी सुनिश्चित किया जाए। 
यातायात प्रबंधन 
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि मुरार हॉकर्स जोन को व्यवस्थित किया गया है। मुरार क्षेत्र के सभी ठेलों को हॉकर्स जोन में शिफ्ट कर यातायात को बेहतर करने का कार्य किया गया है। अगले चरण में इंटक मैदान और कम्पू हॉकर्स जोन को भी व्यवस्थित करने का कार्य किया जायेगा। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ ही निगम द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को आगामी दिनों में 12 चिन्हित स्थानों पर हॉकर्स जोन को व्यवस्थित कर ठेलों को शिफ्ट करने का कार्य किया जायेगा। 
शहर में चार स्थानों पर भव्य प्रवेश द्वार बनाए जायेंगे 
बैठक में तय किया गया कि शहर में प्रवेश करने वाले मार्गों पर पुरातत्व महत्व के गेट बनाए जाएं। श्री सिंधिया ने कहा कि शहर में प्रवेश करने वाले सभी चार मार्गों पर गेट स्थापित हों, इसके लिए विस्तृत डिजाइन और स्थल का चयन कर प्रस्ताव तैयार किया जाए। गेटों के निर्माण में शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को ध्यान में रखकर कार्य किया जाए। 
मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बैठक में बताया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम के साथ-साथ जन प्रतिनिधियों और अन्य अधिकारियों को भी अपनी भागीदारी बढ़ानी होगी। स्वच्छता के लिए नगर निगम द्वारा विभिन्न उपकरणों एवं सामग्री के लिए 34 करोड़ रूपए की मांग शासन स्तर से की गई है। निगम को संसाधन तत्परता से मिलें, इस दिशा में भी विशेष प्रयास कर निगम को संसाधन दिलाए जायेंगे। 
विधायक मुन्नालाल गोयल ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सडक़ों के निर्माण के साथ-साथ मुरार नदी परियोजना को तत्परता से किया जाना आवश्यक है। 
विधायक प्रवीण पाठक ने अपने क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी के दोनों और सडक़ों के निर्माण तथा महाराज बाड़े को और बेहतर विकसित करने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन के लिए कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। 
कलेक्टर अनुराग चौधरी ने शहर विकास की विभिन्न परियोजनाओं के संबंध में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने शहर की यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस और प्रशासन के साथ-साथ निगम द्वारा अब तक किए गए कार्यों तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में जानकारी दी। नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन ने शहर में स्वच्छता के लिए किए जा रहे कार्यों के साथ-साथ शहर की सडक़ों को व्यवस्थित करने के लिए की गई कार्रवाई से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि शहर की 12 सडक़ों को डस्ट-फ्री बनाने के लिए भी कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही शहर के चौराहों को व्यवस्थित करने हेतु भी निगम की ओर से विशेष पहल की गई है। अमृत परियोजना के तहत भी किए जा रहे कार्यों में गति आई है। निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ परियोजना के कार्य पूर्ण हों, इसके लिए तेजी के साथ कार्य किया जा रहा है।