चार माह बाद बजी शहर में शहनाइयां

Nov 19 2019

ग्वालियर। चार माह से सहालग पर लगा ब्रेक मंगलवार को पहली सहालग के साथ हटा। सहालग को लेकर जहां व्यवसाईयों में भारी उत्साह देखने को मिला वहीं दूसरी ओर लम्बे समय से इंतजार कर रहे दूल्हा-दुल्हनों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सहालग को लेकर शहर के प्रमुख बाजारों और मेरिज गार्डनों में रौनक आ गई और लोग सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए निकल पड़े।
देवशयनी एकादशी के बाद से विवाह समारोहों पर लगा विराम मंगलवार को पहली सहालग के साथ हट गया। पहली सहालग को लेकर शहर के प्रमुख बाजार सराफा बाजार, किलागेट, हजीरा, मुरार आदि में लोगों की भीड़ सुबह से ही उमडऩे लगी और बाजारों में अच्छी-खासी चहल-पहल देखने को मिली। उधर पहली सहालग को लेकर मेरिज गार्डन भी आकर्षक विद्युत सजावट से सजाए गए। कोई बारात के आने का इंतजार कर रहा था तो कोई बारात ले जाने की तैयारियों में जुटा हुआ था। उल्लेखनीय है कि इस बार देवउठनी एकादशी पर केवल अबूझ मुहूर्त में कुछ विवाह आयोजित हुए थे उसके बाद मंगलवार को पहली सहालग है और शहर भर में मंगलवार को शहनाईयां बजी। सहालग प्रारंभ होने को लेकर व्यवसाईयों में अच्छा-खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार दीपावली और धनतेरस पर अपेक्षाओं के अनुरूप व्यवसाय नहीं हो पाया था। व्यवसाईयों को सहालग से अच्छी-खासी उम्मीद है और व्यवसाईयों ने लोगों की पसंद के अनुरूप कलेक्शन अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सजाया है।
सहालग को लेकर जहां विभिन्न बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही थीं वहीं दूसरी ओर आमजन कपड़े, वाहन और इलेट्रोनिक आइटमों की भी जमकर खरीदारी करने में जुटे हुए हैं। इस कारण कपड़ा बाजारों के अलावा ऑटोमोबाइल सेक्टर के साथ-साथ इलेट्रोनिक सेक्टर में भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली और लोगों ने अपनी पंसद के अनुरूप वाहन, इलेट्रोनिक आयटम और कपड़ों की खरीदारी की।