गाड़ी पार्किंग को लेकर 4 युवकों को चाकू मारे, आरोपी फरार

Nov 18 2019

ग्वालियर। बीच रोड पर गाड़ी खड़ी करने पर सिरफिरे बदमाशों ने पार्किंग कर्मचारी पर चाकू से हमला कर दिया। उसे बचाने के लिए जब अन्य कर्मचारी आए तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। घटना पड़ाव थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक की पार्किंग की है। बदमाशों द्वारा ताबड़तोड़ चाकू मार कर चार लोगों के घायल होने का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। जहां पर चार युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घायलों की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। 
सोमवार की तडक़े करीब तीन बजे एक बाइक से चार युवक रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक स्थित पार्किंग में पहुंचे और बाइक को बीच सडक़ पर खड़ा कर दिया। बाइक सडक़ पर खड़ी देखकर पार्किंग कर्मचारी रितिक वहां पर पहुंचा और बाइक को साइड में खड़ी करने को कहा। इस पर बाइक सवार उसको गालियां देने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी मारपीट कर दी। मारपीट होते देखकर वहां पर मौजूद रंजीत, भूरा और मनोज वहां पर पहुंचे तो आरोपियों ने जेब से चाकू निकाल कर हमला कर दिया। जिसमें रितिक के पेट में चाकू लगा। चाकू लगते ही रंजीत, भूरा और मनोज उसे ले जाने लगे तो आरोपियों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे भी घायल होकर गिर गए। 
बदमाशों ने पूरी वारदात को पांच मिनट में अंजाम दिया। बदमाशों के तेवर देखते हुए वहां पर मौजूद अन्य लोग भाग निकले और पूरा एरिया खाली हो गया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए बगैर देर किए उनको पुलिस वाहन से उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। 
पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराने के बाद उनकी शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं हमलावर कौन थे और कहां के रहने वाले हैं। इसका पता लगाने के लिए आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।