केआरजी कालेज में छात्राओं के बन रहे हैं नि:शुल्क ड्राइविंग लाइसेंस

Nov 18 2019

ग्वालियर। वाहन चलाते समय चालानी कार्रवाई से बचा जा सके और ड्राइविंग लाइसेंस, पर्स में रहे इसके लिए सुबह से ही छात्राओं की भीड़ लगी हुई रही और वह अपना आवेदन जमा करने के लिये अच्छी खासी मशक्कत कर रही हैं। सोमवार को परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास विभाग के अफसर भी केआरजी कॉलेज पहुंच गए। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिये छात्राओं की कतारें लंबी होती जा रही हैं और अफसर भी दस्तावेजों की खानापूर्ति करते हुए उन्हें जमा कर रहे हैं, जिससे छात्राओं को परेशानी का सामना नहीं करना पडे। सोमवार को 60 मिनट यानि कि एक घंटे के अंदर 140 से ज्यादा आवेदन जमा हो गए। देखने में आता है कि स्कूल, कॉलेज आने वाली छात्राएं अधिकतर अपने वाहनों से आती हैं लेकिन इन पर लाइसेंस नहीं होता है। परिवहन विभाग कार्यालय में लाइसेंस बनवाने के लिये जाने पर इन्हें चक्कर काटने पड़ते हैं और पेरशानी का सामना करना पड़ता है। छात्राओं की इस समस्या का समाधान करने के लिये सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण व परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह कालेजों में कैम्प आयोजित कर ड्राइविंग लाइसेंस बनाएं जिसके चलते केआरजी कॉलेज में शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमें शहर भर के सरकारी व निजी कालेजों में पढऩे वाली छात्राएं ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिये कतार में खड़ी नजर आ रही हैं।
एआरटीओ रिंकू शर्मा ने बताया कि शिविर में 500 से ज्यादा लाइसेंस बनाने का टारगेट रखा गया है। 19 नवम्बर को छात्राओं को लाइसेंस कालेज में वितरित किये जायेंगे, जिसमें अतिथि के रूप में विधायक प्रवीण पाठक मौजूद रहेंगे।