हवा ने बढाया ठंड का अहसास

Nov 16 2019

ग्वालियर। भले ही शहर सुबह से धुंध की चादर में लिपटा रहा हो, लेकिन दस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली सर्द हवा ने नौ बजे से पहले ही आसमान को साफ कर दिया और सूरज की किरणों ने अपना स्थान बनाया। यह जरूर है कि इस हवा ने ठंड के अहसास को बढ़ा दिया। आने वाले 24 घंटों में हवा और अधिक प्रभावी होगी, वहीं मौसम विभाग का अनुमान सही साबित हुआ तो फिर 20 नवंबर तक शहरवासियों को कड़ी ठंड क सामना करना पड़ सकता है। अभी भले ही सुबह-शाम कंपकंपी का अहसास हो, लेकिन अब दोपहर को भी तापमान गिरेगा और ठंड अपना स्थान बना लेगी। 
सुबह से छाई घनी धुंध के कारण शहर की दिनचर्या देर से शुरू हुई। धुंध होने के कारण सात बजे तक अंधेरा सा छाया रहा, जिससे लोग देर से जागे, उसके बाद ठंड के अहसास ने उन्हें घर से नहीं निकलने दिया, जिससे सडक़ों पर गहमा गहमी दस बजे के बाद ही शुरू हो सकी। मौसम के जानकारों का मानना है कि राजस्थान में बने ऊपरी चक्रवात के चलते अब उत्तरी पूर्वी हवा सक्रिय हो गई है। यह तापमान पर प्रभाव डालेगी। फिलहाल आने वाले 48 घंटे तक धुंध तो बनी रहेगी, वहीं बादल भी भी अपना प्रभाव बना सकते हैं।