कलावीथिका में तीन दिवसीय प्रदर्शनी एवं शिविर का आयोजन

Nov 15 2019

ग्वालियर। संभाग आयुक्त एम बी ओझा ने कहा है कि कला जीवन में एकाग्रता का महत्वपूर्ण स्त्रोत है। कला के माध्यम से व्यक्ति समाज में रचनात्मकता का प्रचार-प्रसार करने में भी समर्थ होता है। ओझा शुक्रवार को कलावीथिका में कला महर्षि मुकुन्द सखाराम भाण्ड स्मृति उत्सव के अंतर्गत आयोजित 26वी राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी एवं शिविर का उदघाटन कर रहे थे। इस प्रदर्शनी को स्वतंत्रता सेनानी नाम दिया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व निगम आयुक्त श्री विनोद शर्मा थे। 
संभाग आयुक्त ने इस अवसर पर फीता काटकर तीन दिवसीय समारोह का उदघाटन किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदर्शनी की सफलता की कामना भी की। अतिथि द्वय ने प्रदर्शनी में आयोजित विभिन्न कलाकृतियों का निरीक्षण कर उपस्थित कलाकारों को बधाई भी दी। यह प्रदर्शनी एवं शिविर 17 नवम्बर तक कलावीथिका में चलेगा। इसमें तीन पीढिय़ों के लगभग 50 कलाकार अपनी कलाकृतियों के साथ शामिल हो रहे हैं। 
आरंभ में समारोह के आयोजक वरिष्ठ कलाकार पाद मुकुन्द भाण्ड, क्यूरेटर विशाल शर्मा, संयोजक डॉ. संजय धवले, पूर्व संयुक्त संचालक जनसंपर्क सुभाष अरोरा आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य कलाकार बड़ी संख्या में उपस्थित थे।